21 Nov 2018

ऑफर की लीला


अजी सुनते हो! जरा इधर आइएगा और देखिएगा। आज तो कमाल हो गया! ऐसा सुनहरा ऑफर आया है,जो पहले कभी नहीं आया। श्रीमती के हाथ में अखबार देखकर आंखें फटी रह गई। जो कल तक अखबार पर एक नजर तक नहीं मारती थी। आज  बड़े गौर से एक-एक पन्ने को देख रही है।
मैंने पूछा क्यों चिल्ला रही हो। वह बोली,‘चिल्ला नहीं रही हूं,आप रोज अखबार बांचते हैं। आपने तो बताया नहीं, पर मैंने खुद देख लिया’ ऑफर की लीला
श्रीमती ने एक साड़ी के विज्ञापन पर उंगली रखते हुए कहा,‘यह देखो। विशेष छूट के साथ आकर्षक इनाम और लकी ड्रा अलग से। पहले आइए और पहले पाइए। ऐसा सुनहरा मौका हाथ से निकलने न जाए। ऑफर सीमित समय के लिए। शर्तें लागू। अब चलो शॉपिंग करने चलते हैं।’
‘यह फेस्टिवल सीजन है और सीजन में इस तरह की विशेष छूट नहीं लूट होती है। तुम्हारे पास तो एक से बढ़कर एक साड़ी है। फिर कभी देख लेंगे।’
‘फिर कभी नहीं। अभी और इसी वक्त। इतना सुनहरा ऑफर पता नहीं फिर कब आएगा और आएगा भी या नहीं। टालमटोल करने की कोशिश मत करो और जल्दी से तैयार हो जाओ।’
‘ऑफर का क्या है। आते-जाते रहते हैं। शायद कल इससे भी बढ़िया ऑफर आ जाए।’
ऐसे ऑफर बार-बार नहीं आते। एक तो दो साड़ी की खरीद पर एक साड़ी मुफ्त में मिल रही है। ऊपर से सुनिश्चित उपहार अलग से है। हो सकता है ढेर सारे उपहारों की सौगात में से पहला हमारे नाम निकल आए। आप किस्मत तो आजमाते हो नहीं। इसलिए आपको क्या पता, ऑफर किस चिड़िया का नाम है।’
‘अब तुम्हें कैसे समझाऊं? अपनी जिद पर अड़ी हो। समझती तो हो नहीं। हर त्‍योहार पर इस तरह के ऑफर खूब आते हैं और लोग खूब ठगे भी जाते हैं।’
‘मेरे साथ चलना है,तो चलो,मुझे समझाओ मत। मैं अच्छी तरह से समझती हूं। तुम्हें चलना तो है नहीं और मुझे बरगलाने की कोशिश कर रहे हो।’
‘मैं तो कहीं भी नहीं जा रहा हूं। तुम्हें जाना है, तो जाओ।’
‘यह तो मुझे पहले ही पता था कि आप मेरे साथ नहीं चलोगे।’  यह कहकर वह तैयार होकर चल दी। मैं भी उसके पीछे-पीछे चल दिया। श्रीमती जी आगे-आगे और मैं पीछे-पीछे। वह उसी दुकान पर गई,जिसका अखबार में छपे विज्ञापन में नाम था। 
जाते ही श्रीमती जी ने ऑफर के बारे में पूछा। ऑफर का नाम सुनकर दुकानदार मुस्कुराया और कहा,‘बैठिए बहन जी! यह लो पानी पीजिए।’ दुकानदार एक से बढ़कर एक साड़ी दिखाता है और हर साड़ी का अलग ऑफर बताता है। हर साड़ी पर अलग ऑफर सुनकर श्रीमती दुविधा में पड़ गई। उनके पल्‍ले कुछ पड़ ही नहीं रहा था कि फायदा हो कहां रहा है। उलझन सुलझाने के लिए मुझे फोन लगाया और बोली,‘अजी सुनते हो! यहां तो ऑफर की भरमार है। आप आ जाइए न।’
‘मैंने कहा था न,त्‍योहार का समय है। ऑफर की भरमार तो होगी ही। अब तुम ही समझो इन ऑफरों की लीला। जल्दी करो, कहीं तुम्‍हारा ऑफर निकल न जाए।’ कहकर मैंने फोन काट दिया। 


18 Nov 2018

भगत जी, भभूत और भूतनी


भगत जी कि शनिवार की रात भूत-भूतनियों के नाम रहती है। रात को वह उनका साक्षात साक्षात्‍कार लेते हैं। साक्षात्‍कार में अजब-गजब प्रश्न पूछे जाते हैं। अक्‍सर भूत बयानों पर कायम रहते हैं,लेकिन भूतनियां वचन देकर मुकर जाती हैं। भक्‍तगण बताते है कि भगत जी ने ना जाने कितनी भूत-भूतनियों को जीने की राह दिखाई है। उनमें से कई तो अच्छी ज़िंदगी भी जी रही होंगे। लेकिन, पहली बार एक ऐसी भूतनी आई,जो साक्षात्कार देने के बजाय विरोध पर उतर गई। भगत जी को ललकार रही थी। दो-दो हाथ करने के लिए हाथ-पैर पीट रही थी। भगत जी की  वर्षों की तपस्‍या  से बनी प्रतिष्ठा की इमारत को गिराने पर तुली थी। हालाँकि, भगत जी इससे पहले भी तममा भूतनियों को काबू कर चके थे। वे तमाम हथकंड़े जानते हैं,लेकिन इसके आगे सारे हथकंड़े ठंडे पड़ गए।
भगत जी, भभूत और भूतनी
भगत जी ने एड़ी से चोटी तक तंत्र-मंत्र फूँक मारे,फिर भी  उसके विरोध के स्वर कम नहीं हुए। दाँत कटकटाते हुए कह रही थी, ‘तूने या समाज ने यह जो तामझाम खड़ा कर रखा है। इसके आगे समाज झुकता होगा। मैं झुकने वाली नहीं हूँ। अपनी ताकत किसी और को दिखाना। तेरे प्रति लोगों के मन में इज्जत होगी,लेकिन मेरे मन नहीं है। तू क्या समझता है?तेरी गीदड़ धमकियों से डर जाऊंगी। अबे मैं  कोई साधारण भूतनी नहीं,बल्कि नंदन वन की बाघिन भूतनी हूँ। इसलिए दहाड़-दहाड़कर कह रही हूँ। मुझसे पंगा मत ले। वरना गंगा भेज दूंगी।’
भगत जी पहली बार डरे हुए लग रहे थे,लेकिन आभास नहीं हो। इसलिए डराते हुए बोले, ‘तू मुझे क्या गंगा भेजेगी? तू रूक जरा! तूझे अभी गंगासागर के लोटे में समेटे देता हूं। यह सुनकर भूतनी और भड़क गई,‘बोली ऐसी धमकियां न दे वर्ना अभी तेरे चेले चपाटी और भक्तगणों के सामने तेरा कच्चा चिट्ठा खोलती हूँ।’   
भगत जी भावुकता में बोल दिए, ‘चल खोल,मेरी पॉल।’  यह सुनकर वह हँसने लगी। आँखों की पुतली चढ़ाते हुए बोली,‘सब के सब कान खोलकर सुन लो। जिसे तुम भगत जी कहते हो। यह कोई और नहीं बल्कि तुम्‍हारे मन के डर का धंधा बनाने वाला व्‍यापारी है। जब भी कोई मरता है। ये खुश होता है। रात को श्मशान में जाकर जश्न मनाता है। दिनभर तुम्‍हारे मन के डर टटोलता है और रात को तुम्‍हें,तुम्‍हारे ही डर से डरता है। यह किसी भूत-भूतनी को मुक्ति नहीं देता है। बल्कि यह तो तुम्‍हारें अंदर के भूत-भूतनियों को तुम्‍हारे सामने लाता है,तुम्‍हें डराता है। यही इसका धंधा है। भूतनी कुछ और बोलती उससे पहले ही अचानक भगत जी को कुछ होने लगा,जैसे भगत जी में भूत आ रहा हो, लोग कुछ समझ पाते उससे पहले भगत जी अपने भूत के साथ अपनी धूनी-भभूत सब छोड़-छाड़ के सर पर पैर रखकर भागते नजर आ रहे थे।

28 Oct 2018

मेरे अरमान कब पूरे होंगें


बस,बहुत हो गया। अब और सहन नहीं होता। यह भी कोई जीना है। जिसमें ऐशों-आराम हराम है। न मद्यपान न धूम्रपान है। सिर्फ सुनसान है। दो दिन की जिंदगी और चार दिन की चाँदनी है। दो दिन तो आने-जाने में निकल जाते हैं। एक दिन आने का और एक दिन जाने का। बची चार दिन की चाँदनी। एक दिन की चाँदनी जिंदगी की भागादौड़ी में और दूसरे दिन की माथाफोड़ी में। तीसरे दिन की हारी-बीमारी में और चौथे दिन की श्मशान की क्यारी में निकल जाती हैं।
लोग खुले आसमान तले उन्मुक्त उड़ रहे हैं। उन्हें देखकर मेरा भी मन करता है। उनकी मानिंद उड़ान भरने का। जब भी उड़ान भरने को आमादा होता हूँ तो घरवाले पर पकड़ लेते हैं। फड़फड़ाता हूँ तो पर काटने दौड़ते हैं। बात-बात पर नसीहत देते हैं। ना ही कहीं जाने देते हैं और ना कुछ खाने-पीने देते हैं।
देश कब का स्वतंत्र हो गया। पर मेरी स्वतंत्रता पर अब भी आधिपत्य है। जबकि मैं तो अठारह की उम्र भी क्रॉस कर गया हूं और मुझे वोट डालने का अधिकार भी मिल गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बाकायदा पहचान पत्र भी है। जब सरकार ने सरकार चुनने का अधिकार दे दिया तो घरवाले क्यों नहीं समझते? लड़के के भी कुछ अरमान हैं। जिन पर मोहर लगाने का अधिकार खुद का है।
मैं भी तो आज का नवयुवक हूं और आज के नवयुवकों की तरह जीना मेरा भी अधिकार है। ये दिल फैशन,हेयर स्टाइल,स्मानर्टफोन मांगता है। बाइक हो तो सोने में सुहागा है। यही तो पर्सनालिटी के साधन हैं। जिनके उपयोग से बेहतरीन पर्सनालिटी दिखती है। आज के युग में जो दिखता है वही बिकता है। जिस दिन यह सब प्राप्त हो गया। उस दिन से मेरा भी फेसबुक,वाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर अकाउंट होगा। नए-नए फ्रेंड्स होंगे। रोज अलग-अलग एंगल से सेल्फी लेकर अपलोड करूंगा। लाइक,कमेंट्स बटोरूंगा। पर यह तो तब होगा ना जब मेरे अरमान पूरे होंगे।
अकसर हम सबके घर वालों की सदन शाम को बैठती है। वह भी भोजन के वक्त। क्योंकि इस वक्त सबके वक्तबव्यघ का मत आ जाता हैं। यहीं सुअवसर होता है कहने-सुनने और घर,गृहस्थी संबंधी योजनाएं बनाने का। इसी समय घर के नियम व कानून बनते-बिगड़ते हैं। फेरबदल होता है। जिसको जो कहना होता है वह कहता है। जिसको सुनना होता है वह चुपचाप सुनता है। जो नहीं कहता है और नहीं सुनता है। वह भोजन करके खिसक लेता है। ऐसा पारिवारिक सदन में ही होता है। क्योंकि यहाँ दल रहित सरकार होती है। पर पक्ष-विपक्ष यहाँ भी होता है।
काफी सोच-समझकर मैंने अपने अरमानों का विधेयक सदन में रखा। एक बार तो सबके-सब मेरी तरफ कौतुहल भरी निगाहों से देखें। पहले तो गृहस्वामी ने बात को टालने की कोशिश की। पर किसी ने दबे स्वर में मेरी मांग जायज बता दी। फिर क्या था? बहस आरंभ हो गई। पक्ष पास करवाने पर जोर देना लगा और विपक्ष स्थगित करवाने पर अड़ गया। जैसे-तैसे करके निम्न सदन में पास हो गया। पर उच्च सदन में आकर रुक गया। इस सदन में पूर्ण बहुमत नहीं होने से वहीं का वहीं अटका है।
यहीं हालात उन जनहित विधेयकों के साथ होती है,जो मेरे साथ हो रही है। मैं पूछना चाहता हूँ। मेरे सदन के मुखिया से। तुम्हारे पक्ष-प्रतिपक्ष के चक्कर में मुझे क्यों घसीट रहे हो? खुद के मतलब का कोई विधेयक होता है तो आनन-फानन में पारित कर लेते हो। कानों-कान किसी को खबर तक नहीं होने देते हो। मेरी बारी आती है तो पक्ष-विपक्ष में बंट जाते हो। ये भेदभाव क्यूँ  ? क्या यही तुम्हारा कानून-कायदा है? आखिरकार मेरा कसूर क्या है? यह तो बताओं!