16 May 2017

कड़ी मेहनत का परिणाम 98 प्रतिशत

पुष्पराज भारती का सपना आईएएस बनना
पुष्पराज भारती ने राजस्थान बोर्ड के 12वीं विज्ञान वर्ग में परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी स्‍कूल एवं परिजनों का नाम रोशन किया है। पहली बार माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड ने राज्‍य स्‍तरीय व जिला स्‍तरीय मेरिट सूची जारी नहीं की है। हाल विराटनगर जयपुर व मूल डहरा,थानागाजी निवासी पुष्पराज की इस कामयाबी पर उनके परिवार जन काफी उत्साहित नजर आ रहें हैं। पुष्पराज के पिताजी जो राजकीय माध्यमिक विद्यालय पापड़ा,विराटनगर में सरकारी शिक्षक हैं, वे अपने बच्चों पर फ़ख़्र करते हुए बोले कि बच्चों की सफलता की वजह से ही आस-पास के माननीय का आना-जाना लगा रहता हैं, क्योंकि पिछले चार वर्षों से उनके दोंनो बच्चों में से कोई न कोई मेरिट लिस्ट में सम्मिलित होते आए हैं। सोमवार को जैसे परिणाम घोषित हुआ तो उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

पुष्पराज ने जहां गणित में 100 वहीं हिंदी में 100, इंग्लिश में 94 फिजिक्स में 98 और कमेस्ट्री में 98 अंक प्राप्त किए हैं। कुलमिलाकर पुष्पराज ने 500 अंकों में से 490 अंक प्राप्त किए हैं। पुष्पराज के पिता श्री हरिराम वर्मा के मुताबिक उनके परिवार में पति-पत्नी के साथ दो बच्चे हैं, और दोनों ही कुशाग्र बुद्धि के धनी हैं। उनका बड़ा लड़का प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र हैं।
पुष्पराज भारती ने अपनी सफलता का राज कड़ी मेहनत और शिक्षा के प्रति अपने रुझान को बताया को बताया।पुष्पराज ने बताया के परिवार का माहौल ही कुछ इस तरह का है जिससे पढ़ाई के अलावा कोई भटकाव ना हो। इसके लिए धन्यवाद के पात्र माता-पिता हैं। जिन्होंने ऐसा माहौल उपलब्ध करवाया। इस परीक्षा के पहले दसवीं बोर्ड परीक्षा में भी पुष्पराज ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उनके पिता जी से बात करने पर पता चला कि जिस परिवेश में शहर के बच्चे मोबाइल- फोन और टेलीविजन के बीच घिरे रहते हैं उसके इतर बच्चों ने पढ़ाई के आगे इन चीजों की कभी मांग ही नहीं की।  
पुष्‍पराज भारती के पिता हरिराम रैगर ने बताया कि उनके घर पर पिछले 6 वर्षों से TV तक नहीं चालू की गई और साथ में शहर में रहने के बावजूद भी उनके बच्चे नियमित तरीके से दिनचर्या का अनुसरण करते रहे सुबह 4:00 बजे उठने के साथ ही सुबह की सैर-यात्रा और व्यायाम को नियमित करते हैं,जो भी उनके मानसिक संतुलन को बनाए रखता हैं। 
पुष्पराज ने अपनी सफलता के राज के पीछे अपने माता पिता और घर के पूरे माहौल को जिम्मेवार बताया। उसी ने बताया कि वह आगे चलकर प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी करके देश और समाज के लिए कुछ करने की चाहत रखता है।

पुष्पराज की माता श्री मंजू देवी जो कि गृहणी हैं। जिनसे बात करने पर पता चला, कि उन्होंने अपने दोनों बच्चों को पढ़ने के लिए कभी भी विवश नहीं किया। साथ में उन्होंने बताया की बच्चों को घर की किसी भी जिम्मेदारियों से दूर रखा गया। बच्चों का जब मन हुआ तभी पढ़ाई किया और जब मन हुआ तब सोए। पढ़ाई के लिए अभिवावकों की तरफ से कोई अतिरिक्त दबाव नहीं डाला गया। पुष्पराज की पढ़ाई के अतिरिक्त अभिरुचि चित्रकारी में हैं। 
इसके पहले पुष्पराज का सिलेक्शन IIT मेंस में भी हो गया था और आगामी दिनों में एडवांस की परीक्षा भी होने वाली है लेकिन पुष्पराज ने बातचीत में बताया कि उनका रुझान इंजीन्यरिंग की तरफ नहीं हैं। उन्होंने मात्र परीक्षा इसलिए दी की परीक्षा में प्रश्न पत्र किस दृष्टिकोण पर आधारित होते हैं। इसका प्रारंभिक ज्ञान हो सके। क्योंकि आने वाले दिनों में पुष्पराज कई परीक्षाओं को देना चाहता हैं। इन सभी बातों के इतर गौर करने वाली बात यह है कि पुष्पराज ने 10वीं, 12वीं और IIT मेंस एग्जाम को बिना किसी कोचिंग सेंटर को ज्वाइन किए उत्तीर्ण किया है। जिसने आज के परिवेश में बढ़ते कोचिंग के क्रेज़ को झुठला दिया हैं। पुष्पराज ने अपने हमउम्र बच्चों को संदेश में कहा कि जीवन पथ पर संघर्ष के साथ आगे बढ़ते रहो, सफलता खुद-ब-खुद चलकर आएंगी।

लोगों ने पिता को मोबाइल पर दी बधाई  

थानागाजी में पुष्‍पराज भारती के 98 प्रतिशत आने एवं ज्योति बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल थानागाजी में विज्ञान वर्ग में सबसे अव्‍वल आने पर शाला निदेशक चन्‍द्रशेखर सैनी व प्रधानाचार्य धर्मेंन्‍द्र महलावत की ओर से मंगलवार को थानागाजी कस्‍बे में जुलूस यात्रा निकाली गई। जिसमें कस्‍बेवासी एवं स्‍कूल स्‍टाफ,छात्रों ने डीजे बजाकर कस्‍बे के मुख्‍य मार्गो पर  जुलूस निकाला और आत्मिय बधाई दी। आपको बता दे कि परिणाम घोषित होते पुष्‍पराज के पिता के मोबाइल फोन पर बधाई देने वालों के देर रात तक फोन आ रहे थे।  

आखिरकार विकास मिल गया

मोहन लाल मौर्य 
विकास के बारे में बचपन से सुनता आया हूं,पर कभी देखा नहीं। अक्सर दादा-दादी,नाना-नानी विकास की बाते करते रहते थे। विकास ऐसा है। विकास ऐसा होगा। देखना एक दिन विकास अपना ही नहीं समूचे देश का नाम रोशन करेगा। विकासशील देश कहेंगे,देखों भारत का विकास कितना विकसित हो गया है और हम वहीं की वहीं हैं। हमें भी भारत के विकास से प्रेरणा लेने चाहिए। जब वे विकास से प्रेरणा लेने भारत आएंगे तो हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। ऐसा दादा-दादी और नाना-नानी ही नहीं,बल्कि मेरे अड़ोसी-पड़ोसी भी सोचते थे। उस वक्त में सोचता था कि आखिरकार विकास किस चिड़ि‍या का नाम है,जिसको होते हुए भी मैंने देखा नहीं। जब समझ आयी तो विकास गायब हो गया।
दादा-दादी और नाना-नानी को विकास से बहुत अपेक्षाएं थी। पर एकाएक जबसे विकास गायब हुआ है। वे बहुत दुखी हैं। वे ही नहीं अड़ोसी-पड़ोसी सब दुखी हैं। विकास का इस तरह से गायब होना। मुझे भी अच्छा नहीं लगा। वह खुद गायब हुआ है या फिर किसी ने उसका अपहरण किया है। यह भी तो पता नहीं। किसी को कुछ बताकर भी नहीं गया और नहीं कोई चिट्ठी-पत्र लिखकर गया। जिसमे लिखा हो कि मैं अमुख जगह जा रहा हूं,जल्‍दी ही लौटकर आ जाऊंगा,मेरी चिंता मत करना। मैंने भी उसकी तलाश में गांव की गलियां और शहर के नगर के नगर छान मारे,पर वह मिल नहीं रहा है। चाय की थड़ी से लेकर मॉल तक और सड़क से लेकर संसद तक खोज लिया। लगता है किसी ने अपहरण कर लिया है। फिरौती मिली नहीं होगी। इसलिए बीहड़ों में कहीं छुपा कर रख रखा होगा। फिरौती मिलते ही छोड़ देंगे। पर मेरा मन कहता है उसने किसी का क्या बिगाड़ा है? जो उसका अपहरण करेंगे। वह तो सबसे मिल-जुलकर रहता है। नहीं...नहीं...ऐसा नहीं हो सकता। हो क्यों नहीं सकता? अधुनातन में कुछ भी हो सकता है। फिर विकास का तो नेताओं से ताल्लुक रहा हैं। जो मांगेगे वहीं हाजिर हो जाएंगा। यह सोचकर किसी ने अपहरण कर लिया होगा। खैर,जो भी हुआ हो। मुझे तो विकास को ढूंढ़ना है। आप सोच रहे होंगे। मैं विकास को क्यूं ढूंढ़ रहा हू? मैं विकास को इसलिए ढूंढ़ रहा हूं,क्योंकि विकास के बगैर विकास अधूरा है और मैंने उससे देखा भी नहीं।
जब मैं विकास को ढूंढ़ रहा था तो एक महाशय ने राय दी कि विकास का अपहरण हुआ होगा तो गुमशुदगी की रिपोर्ट अवश्य दर्ज हुई होगी और रिपोट दर्ज नहीं हुई होतो तुम करवा देना । गुमशुदगी रिपोर्ट की जानकारी लेने मैं नजदीकी थाने में जा पहुंचा। वहां जाकर सीधे ही थानेदार साहब से पूछा-‘ साहब! आपके यहां पर विकास नाम से कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है क्या?’ यह सुनकर थानेदार साहब बोले-‘आप बैठेए बताते हैं।’ उन्होंने एक सिपाही को बुलाया और उससे कुछ कहा जो मैं नहीं सुन पाया। शायद रिकॉड़ में देखकर बताने के लिए कहा होगा। जाओं जाकर रिकॉड़ में देखकर आओं। विकास नाम से रिपॉर्ट दर्ज हुई है क्या? ऐसा मुझे उनके हाव-भाव से प्रतीत हुआ। थोड़ी देर बाद वह सिपाही दो-तीन फाइल लेकर आया और थानेदार साहब को सौंप दिया। थानेदार साहब उन्हें देखकर इनकार करते हुए बोले-‘यहां तो विकास नाम से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।’ मैंने एक बार फिर से निवेदन किया-‘साहब अच्छी तरह से देखकर बताए। शायद रिपोर्ट दर्ज हुई होगी। विकास का इस तरह से लापता होना। आमजन के लिए चिंता का विषय है। इसके बगैर आमजन परेशान है।’ यह सुनकर थानेदार साहब आश्चर्य चकित होते हुए पूछे-‘भाई! आप किस विकास की बात कर रहे हो। आखिर यह विकास क्या भला है? मैं समझा नहीं।’ मैंने कहा-‘साहब! विकास के बिना विकास अधूरा है।’ यह सुनकर थानेदार साहब चौंके और बोले-‘ अच्छा-अच्छा तो आप उस विकास की बात कर रहे हो। अरे,भाई! उस विकास के संदर्भ में तो भला मैं क्या बता सकता हूं? बलात्कार,चोरी,डकैती,लूट-पाट,मारपीट की कोई बात होतो बताओं हम ढूंढ कर बताते देंगे।’ ‘साहब ! रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है,तो अब कर लीजिए।’ थानेदार साहब बोले-‘ जिसका कोई अता-पता ही नहीं। उसकी भला मैं रिपोर्ट कैसे दर्ज करों? तुम्‍हीं बताओं!’ मैं क्‍या बताता ? मैं चुपचाप चला आया।
थाने से सीधा चम्बल के बीहड़ में गया। डाकूओं के भय से भयभीत था। भय था कहीं कोई डाकू आकर कनपटी में बंदूक नहीं तान दे। कुछ कह पाऊं उससे पहले टपका नहीं दे। बीहड़ इलाको में जाना हथेली पर जान रखकर जाना होता है। पर मुझे विकास को ढूंढ़ना था। बड़ी मुश्किल से डरता-डरता गया। एक-एक डाकू से पूछा विकास तुम्हारे पास है क्या? पर सबने इनकार कर दिया। एक डाकू ने अवश्य पूछा-‘ जरा विकास का हुलिया तो बताओं। उसकी कद-काठी,रंग-रूप,उम्र,क्या है? दिखता कैसा है?’ दरअसल मैंने भी कभी विकास को देखा ही नहीं। मैं क्या बताता? उसे दिखा होता तो थानेदार साहब को ही बताकर रिपोर्ट दर्ज करवा देता। मैं बोला-‘विकास को देखा तो मैंने भी नहीं।’ इस पर पहले तो वह शोले के गब्बर की तरह हंसा। फिर बोला-‘जब तुमने विकास को देखा नहीं तो ढूंढ़ने क्यूं चले आए। विकास से तुम्हारा रिश्ता क्या है?’ मैंने कहा-‘खून का रिश्ता तो नहीं है,पर दिल का रिश्ता है। वह सबका प्रिय है,तो मेरा भी प्रिय हुआ।’ यह सुनकर डाकू बोला-‘मैं कुछ समझा नहीं। सीधे-सीधे कहों। कहना क्या चाहते हो? तुम किस विकास की बात कर रहे हो।’ मैंने कहा-‘मैं किसी विकास नाम के व्यक्ति को नहीं। बल्कि उस विकास को ढूंढ़ रहा हूं,जिसके संदर्भ में लोग अक्सर वार्ता करते रहते हैं। नेताजी चुनाव के वक्त विकास-विकास पुकारते रहते हैं।’ यह सुनकर डाकू जोर-जोर से डरवानी सी हंसी हंसने लगा और बोला-‘वह विकास यहां बीहड़ों में नहीं। इस वक्त जहां चुनाव हो रहे है वहां मिलेगा।’

मैं वहां पहुंचा जहां चुनाव हो रहे थे। वहां किसी नेताजी की रैली निकल रही थी तो किसी का भाषण चल रहा था। जिधर देखों उधर ही माहौल चुनावी रंग में रंगा हुआ था। चुनावी रंग-बिरंगे माहौल में विकास को ढूंढ़ना घास में सुई ढूंढ़ना था। कई नेताओं से भी पूछताछ की विकास कहां मिलेगा? पर किसी ने भी संतुष्टजनक जवाब नहीं दिया। बड़ी मुश्किल से एक नेताजी ने मुंह खोला और बोला-‘विकास उन सड़कों पर मिलेगा। जिनका मैंने निर्माण करवाया है और उद्घाटन किया है। वहां नहीं मिले तो उस गांव में मिलेगा। जिसको मैंने गोद लिया है। अगर वहां भी नहीं मिले तो विकास सामुदायक भवन में मिलेगा। मैंने गत दिनों ही उद्घाटन किया है।’ नेताजी ने जहां-जहां बताया,वहीं जाकर देखा पर कहीं भी नहीं मिला। एकाएक एक चुनावी घोषणा पत्र पर मेरी नजर पड़ी। मैंने देखा कि घोषणा पत्र में लोक लुभावानी योजनाओं के साथ विकास भी था। दुबला-पतला,तिखे नैन नक्ष,हिरण सी आंखे,घने काले बाल,पर उसके चेहरे पर चमक थी। मैंने पहली बार विकास को देखा था। मैं भागकर उसके पास गया और उससे पूछा-‘क्‍या तुम्‍हीं विकास हूं।’ उसने पहले तो मेरे को निहारा फिर बोला-‘हां मैं ही विकास हूं।’ मैंने कहा-‘तुम्हें कहां-कहां नहीं ढूंढ़ा और तुम हो कि यहां दूबे पड़े हो।’ वह बोला-‘मैं यहीं ठीक हूं। तुम जाओं किसी को बताना मत। मैं यहां पर हूं।’ मैंने उसको समझाते हुए बोला-‘तुम्हारी जगह यहां नहीं है,वहां है,जहां तुम्हें होना चाहिए।’ यह सुनकर वह बोला-‘वहां जाकर क्या करूंगा? जहां हर कोई ताना मारता है। यहां विविध योजनाओं और वादों के साथ खुश तो हूं।’मैंने विकास को बहुत समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माना। मैं उसको घोषणा पत्र में देखकर इसलिए चला आया। चलों आखिरकार विकास मिल तो गया। अन्यथा पांच साल तक ढूंढ़ना पड़ता।

14 May 2017

मुद्दे पर मुद्दईगिरी

मुद्दा तो कुछ नहीं चाहता। जो कुछ चाहता है वह मुद्दईगिरी चाहता है। मुद्दा तो अवाम के बीच में रहना चाहता है। अवाम के बीच में,उसे जो सुख,चैन,शांति मिलती है। भला धरना-प्रदर्शन,अनशन स्‍थल पर कहां मिलती है। वहां तो कोलाहल होता है। पुलिस,मीडिया की आवाजाही रहती है। लेकिन मुद्दईगिरी उसे घसीटकर धरना-प्रदर्शन,अनशन,स्‍थल पर ले आता है। यहां से निजात नहीं मिलती तो जंतर-मंतर,इंडि़या गेट,लिया जाता है। यहां से भी पार नहीं पड़ती तो लोकसभा,राज्‍यसभा में लिया जाता है। मुद्दईगिरी मुद्दे का तब तक पिंड नहीं छोड़ता। जब तक खुद सुर्खियों में आ नहीं जाएं। कुछेक मुद्दे तो बेचारे मुद्दों जैसे दिखते जरूर हैं,पर मुद्दे होते नहीं। उनको भी तिकड़म-वकड़म करके मुद्दों की बिरादरी में शामिल कर देता है। एक बार मुद्दों की बिरादरी में शामिल हो गया और मुद्दईगिरी ने दबोच लिया। फिर उसकी हालत भी धोबी के कुत्‍ते जैसी हो जाती है,जो न घर का न घाट का रहता है।
आप सोच रहे होंगे। मुद्दईगिरी ही मुद्दे को क्‍यों घसीटता है? मुद्दे को मुद्दईगिरी नहीं घसीटेगा तो क्‍या आप हम घसीटेगे। भाई साहब! आप हम ही घसीटते तो अवाम के बीच कोई मुद्दा नहीं रहता। यह तो शुक्र करों की मुद्दईगिरी है। भले ही खुद के भले के लिए मुद्दईगिरी मुद्दे पर मुद्दागिरी करता हो। नेता मुदत सिंह की तरह तो नहीं है,जो मुद्दे को भाषण की चाशनी में डूबोकर उस का ऐसा मुरब्बा बना देता है। समझ में ही नहीं आता। मुद्दे से निजात दिला रहा हैं या फिर मुरब्बा खिला रहा है। खैर छोड़ों। 
सच्‍चा मुद्दईगिरी वहीं है,जो मद्दे से निजात दिलाने से पूर्व उसे मीडिया से कवरेज करवाता है। उसके बाद विषय विशेषज्ञों से विश्‍लेषण करवाता हैं। विश्‍लेषण के दौरान तर्क-वितर्क होती हैं। जिसमें तर्क-तर्क नहीं रहती और वितर्क-‍विर्तक हो जाती है। कई बार लाठीचार्ज से भी भेंटवार्ता हो जाती है। किंतु लाठीजार्च की शुभ घड़ी में,जो मुद्दईगिरी करने में पारंगत होता है। वह लाठी से चार्ज नहीं होता। वह अपनी टोपी किसी ओर के सिर पर रखकर रफूचक्‍कर हो लेता हैं। जिसके सिर पर टोपी होती है। उसकी लाठीचार्ज से भेंट होती है। लाठीचार्ज भेंटवार्ता में जिसकी भेंटपूजा ज्‍यादा होती है। वह लाठीचार्ज से ऐसा चार्ज होता है। फिर अस्‍पताल से ही डिस्‍चार्ज होता है।
कुछ भी कहों,जो भी किसी भी मुद्दे पर मुद्दईगिरी करता हैं। सबसे पहले अपना उल्‍लू सीधा करता है। मुद्दे का क्‍या है? उसे निजात मिले या ना भी मिले। उसका श्रेय मिलना चाहिए। श्रेय मिल गया तो समझों कुछ ना कुछ मिल गया। जब कुछ ना कुछ मिल जाता है तो बहुत कुछ के लिए तिकड़म करता है। बहुत कुछ प्राप्‍ति के उपरांत सब कुछ के लिए,कुछ ऐसा तिकड़म करता है। मुद्दे का सबकुछ उसे ही मिल जाए। पर सबकुछ मिलना आसान थोड़ी है। सबकुछ के लिए ‘कुछ’ नहीं,बहुत  कुछ करना पड़ता है। यह कुछ भी ना कुछ भी करवा देता है। राजा को रंक और रंक को राजा बना देता है। कुछ में बहुत कुछ छिपा है,जो ­­‘कुछ’ का ‘कुछ’ रहस्‍य भी जान गया। वह मुर्दा व्‍यक्ति को भी मुद्दा बना देता है। उसको तो मुद्दे से मतलब है। फिर चाहे मुद्दा जिंदा हो या मुर्दा। लेकिन हो मुद्दा।
 मुद्दों का क्‍या है? इनका आवागमन तो जारी रहता है। एक परलोक नहीं पहुंचता। उससे पहले दूसरे का आविर्भाव हो जाता है। मुल्‍क में मुद्दों की भरमार है। कोई इस पार है,तो कोई उस पार है और कई आर-पार है। जो आर-पार है,वे सदाबार हैं। जैसे महंगाई और भ्रष्‍टाचार। यह दोनों बेलगाम घोडे़ हैं। जिधर मन करता है उधर ही दौड़ पड़ते हैं। इनकी राह में जो भी आता हैं। उसे यह अपने पैरों तले कुचल देते हैं। इन पर तो वह भी सवार नहीं होता,जो अश्‍वरोही होता है। ये दोनों घोड़े तो चाबुक मारने पर भी काबू में नहीं आते,बल्कि बिदक जाते हैं। और इनसे तो मुद्दईगिरी भी डरता है। वह भी ऐसे मुद्दों पर मुद्दईगिरी करता हैं। जिन पर करना कुछ भी ना पड़े और पूरा का पूरा श्रेय खुद को मिले। इन बेलगाम घोड़ों पर लगाम तो अवाम ही लगा सकती है। अवाम के पास वह चाबुक है,पर उसका इस्‍तेमाल नहीं करती। जिस दिन चाबुक उठा ली। उस दिन ये घोड़े तो क्‍या इनके बाप भी हिनहिनाएंगे तक नहीं। मुद्दईगिरी का क्‍या है? उसे तो किसी ना किसी मुद्दे पर मुद्दईगिरी ही करना है। किसी भी मुद्दे का नेस्‍तनाबूद तो आप और हम ही कर सकते हैं।  

13 Apr 2017

जुगाड़ की जुगत

मोहन लाल मौर्य
आज कल जिसे देखों वहीं किसी ना किसी जुगाड़ की जुगत में लगा हुआ है। खुद से जुगाड़ हो गया तो पौ बारह पच्‍चीस। अन्‍यथा किसी ओर से सांठगांठ कर जुगाड़ की जुगत करता है। मेरा पड़ोसी जुगलकिशोर भी अपने पुत्र को सरकारी दामाद बनाने हेतु जुगाड़ की जुगत में लगा हुआ है। हर किसी से पहुंचता रहता है। भाई! कोई जुगाड़ होतो बताना। उसे चढ़ाना भी आता है। तुम्‍हारी तो ऊॅपर तक पकड़ है। कहीं ना कहीं टांका फिट करके अपुन के छोरा (लड़का) को भी नौकरी लगवा दो। भाई! यह काम हो गया तो तेरा यह अहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। इत्‍ता सुनकर भाई टाइप का बंदा पहले तो अपने आप पर गर्व करता है और बाद में कहता है- देखता हूं। सोचता हूं। अंतः में कहेंगा- ठीक है कुछ ना कुछ जुगाड़ करता हूं। जुगाड़ हो गया तो बता दूंगा। अब तुम जाओं। मुझे भी कहीं जाना है। चाहे जाना कहीं भी नहीं हो। पर पर्सनल्‍टी के लिए ऐसा बोल ना पड़ता है।

जुगाड़ के मामले में हम लोग बहुत अग्रणी है। फट से जुगाड़ कर लेते हैं। उसके अंजाम की भी नहीं सोचते। अंजाम क्‍या होगा? जो होगा सो देखा जाएंगा। एक बार जुगाड़ तो हो जाए। जुगाड़ टेक्‍नोलॉजी है ही ऐसी चीज। जिसके बगैर काम भी तो नहीं चलता। बहुत से ऐसे कार्य होते हैं,जो जुगाड़ की जुगत से चलते हैं। चलते ही नहीं सरपट दौड़ते भी है। कहते है कि जुगाड़ टेक्‍नोलॉजी के आगे अच्‍छी से अच्‍छी टेक्‍नोलॉजी भी फेल हो जाती है और जुगाड़ टेक्‍नोजॉजी पास हो जाती है। वह भी अव्‍वल नम्‍बरों से।
मुल्‍क में ऐसे-ऐसे जुगाड़ी है,जो कबाड़ से भी कबाड़ वस्‍तु का ऐसा जुगाड़ कर देते हैं। जिसे देखकर आंखे फटी की फटी रह जाती हैं। ओर कुछेक ऐसे हैं,जो आप चाहो। उसका जुगाड़ कर देते हैं। इस तरह का जुगाड़ गोपनीय होता। क्‍या करें? जिसमें जिसक तरह की जुगाड़ करने की क्षमता होती है। वह उसी तरह का जुगाड़ करता है। यह जरूरी नहीं है कि जुगाड़ वस्‍तुओं का ही होता है। भांति-भांति तरह के जुगाड़ के विकल्‍प खुले हुए हैं। सड़क से लेकर संसद तक जुगाड़ की जुगत चलती है। नौकरी के लिए जुगाड़। नौकरशाही है,तो स्‍थानांतरण के लिए जुगाड़। राजनेता है,तो कुरसी के लिए जुगाड़। व्‍यापारी है,तो मुनाफे का जुगाड़। मजदूर है,तो काम-धाम हेतु जुगाड़। बच्‍चे का ब्‍याह नहीं हो रहा है,तो जुगाड़। ओर भी न जाने किस-किस तरह का जुगाड़ होता है। हमारे यहां तो एक वाहन का नाम ही जुगाड़ है,जो बगैर नम्‍बर प्‍लेट  और बगैर परमिट के चलता है। खूब सवारी एवं सामान ढोता है।
सोचता हूं,जुगाड़ टेक्‍नोलॉजी नहीं होती तो क्‍या होता। जिनके चूल्‍हे जुगाड़ की जुगत से जलते हैं वे नहीं जलते। जो कार्य यूं ही हो जाते हैं। उनके के लिए कई चक्‍कर काटने पड़ते। धक्‍का–मुक्‍की खानी पड़ती। खैर यह सब छोड़ों और किसी ना किसी जुगाड़ की जुगत में लग जाओं। जुगाड़ है तो सब कुछ है और जुगाड़ नहीं है तो कुछ भी नहीं। क्‍योंकि कई बार जुगाड़ की जुगत से भी किस्‍मत चमक जाती है।

3 Apr 2017

गुटखा तो जुगाली

मोहन लाल मौर्य
जिस तरह भूखे पेट भजन नहीं होता। उसी तरह गुटखा खाए बगैर दिमाग की बत्ती नहीं जलती। जब दिमाग की बत्ती जलती है तो ज्ञान प्रवाह अविरल बहता है। अविरल बहती ज्ञान गंगा की गति को गतिमान रखने के लिए गुटखा चबाना पड़ता है। जब तक मुंह में गुटखा है। तब तब ज्ञान और काम कि गंगा की गति गतिमान रहती है। ज्यों ही मुंह गुटखे से खाली हुआ। दिमाग की बत्ती गुल हो जाती है। पीकधारा से बनने वाले भित्तिचित्र अधबना रह जाते हैं। फिर अधबना भित्तिचित्र इस ताक में रहता है कि कब पीकधारा आए ओर मुझे पूर्ण करें। यह अपुन का वक्तव्य नहीं है। यह तो पीकधारा से प्रभावित पीकू का है।

पीकू ने बताया कि एकदम से गुटखा त्यागना पीक संस्कृति के खिलाफ है। गुटखा सेवन कर्ता ही तो है,जो पीक संस्कृति को बचाए हुए हैं। अन्यथा कब की विलुप्त हो गई होती। आज पीक भित्तिचित्र शैली खोजने से भी नहीं मिलती। पीक भित्तिचित्र शैली से तो सार्वजनिक पेशाबघरों की शोभा बढ़ती है। पेशाबघर की हर भीत पीक भित्तिचित्र शैली से रंगी हुई होती है। बस स्टेण्ड,रेलवे स्टेशन,सरकारी अस्पताल की भीतों पर तो पीक सभ्यता के अवशेष सदैव मौजूद रहते हैं। अवशेष तो उन सरकारी भीतों पर भी मिल जाते हैं। जिनके पास गुटखा सेवन कर्ता कार्मिक की कुरसी होती है। किंतु वे अवशेष शेष नहीं रहते हैं। जो शेष रह जाते हैं,वे अवशेष लायक नहीं रहते हैं।
पीकू का मानना है कि भारतीय संस्कृति में पीक संस्कृति का भी योगदान रहा है। तबी तो गुटखा खाने वालों का आपसी सौहार्द इतना प्रबल होता है। एक पाउच को दो लोग मिल बांटकर खा लेते हैं। कई दफा तो एक पाउच का दो से चार में भी बांटवारा हो जाता है। वह भी बिना हुज्जत किए। ऐसी भाईचारे की प्रतीक संस्कृति पर विराम लगाना पीक संस्कृति की तौहीन है। गुटखा बिरादरी पर कीचड़ उछालना है। जब किसी पर कीचड़ उछलता है तो उसके दामन पर दाग नहीं लगते। बल्कि दामन ही दागदार हो जाता है। एक बार दामन का दाग दागदार होने पर फिर किसी भी वॉशिंग पाउडर से नहीं धुलता है। भले ही कितने भी टीवी पर आने विज्ञापन देखकर कोई सा भी वॉशिंग पाउडर खरीद लो कुछ असर नहीं होता है।
अगर किसी दिन पीक भित्तिचित्र शैली में पुरस्कार देने की घोषणा हुई। मुझे तो पूर्ण विश्वास है कि प्रथम प्राइज पीकू को ही मिलेगा। क्योंकि पीकू के घर की हर भीत पर बने पीक भित्तिचित्र अपने ओर आकर्षित करते हैं।जिन्‍हें देखकर आप भी नाक चढ़ा लेगे। पीकू तो कहता है कि भाई! मुंह में गुटखा है तो जुगाली है अन्यथा मुंह खाली है। खाली मुंह किसी काम नहीं है। मुंह में कुछ ना कुछ होना चाहिए। कुछ लोग च्‍यूंगम मुंह मं चबाते रहते हैं, लेकिन च्‍यूंगम चबाने को हेय दृष्टि से देखने का चलन नहीं है। लेकिन फिर भी मुंह में कुछ तो होना चाहिए,गुटखा भी  हो सकता है।

1 Apr 2017

मूर्ख नहीं डेढ़ गुणा समझदार

आप भले ही उसे मूर्ख समझते होंगे। वह तो अपने आपको समझदार समझता है। समझता क्या है? समझदार है। आप भूल से भी उसे मूर्ख मत समझ लेना। हां,वह भाव-भंगिमा से मूर्ख प्रतीत होता है। रंगमंच पर उसका अभिनय देख,आप मूर्ख समझ बैठते हैं। जबकि वह मूर्खता के नेपथ्य में अभिनयचातुर्य है। उसकी मूर्खता ही उसका पेशा है। वह अपने पेशे में सिद्धहस्त है। वह क्या? आप भी तो अपने पेशे में सिद्धहस्त है। वह मूर्ख प्रतीत तो होता है। आप तो प्रतीत भी नहीं होते। आप तो अपने क्षेत्र में मंजे हुए खिलाड़ी है। खिलाड़ी तो वह भी है पर वह राष्ट्रीय स्तर का नहीं है। आप ठहरे राष्ट्रीय खिलाड़ी। किंतु आप भूल कैसे गए? खिलाड़ी जिला स्तरीय हो,चाहे राष्ट्रीय स्तरीय,खिलाड़ी तो खिलाड़ी होता है। दाव लगते ही चारों खाने चित लाता है। भलाई इसी में है कि अपनी समझदारी अपने पास ही रखिये। कहीं ओर काम आएंगी। यहां ही व्यर्थ कर दी तो कहीं ओर किससे काम चलाओंगे। समझदार होना तो बनता है पर समझदारी दिखाना कहां चलता है। जहां चलता है वहां चलाए। किंतु देखकर चलाए,कहीं कोई चालान नहीं कर दे।
आप उसे मूर्ख कहकर लताड़ते रहते हो। वह निरुत्तर रहता है इसलिए। उसके निरुत्तर में प्रत्युत्तर होता है,पर वह देना नहीं चाहता। आप सोच रहे होंगे। क्यों नहीं देना चाहता? वह आपको ही मूर्ख समझता है। एक दफा उसने मुझे बताया था कि उस मूर्ख से तर्क करना समझदारी नहीं बेवकूफी है। यह सुनकर एक बार तो मैं अवाक रह गया। आपकी नजर में वह बेवकूफ है और उसकी निगाह में आप बेवकूफ है। पेचीदा प्रश्न यह है कि आप दोनों में से मूर्ख कौन है? वह या आप। वह लगता नहीं और आप होंगे नहीं। आप अपने आपको समझदार जो मान बैठे हो। आपको मूर्ख घोषित करना भी उचित नहीं। मैंने घोषित कर दिया तो इल्जाम मेरे सिर पर आ जाएंगा। फिर कोट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ेगे। ऐसा गुनाह मैं करना नहीं चाहता।
कहीं आप मुझे भी तो मूर्ख नहीं समझ रहे है। कुछ लोग मूर्खो की वार्ता करने वालों को भी मूर्ख समझ लेते हैं। लोगों के मुंह से आपने सुना भी होगा,देखों कैसी मूर्खो जैसी बात कर रहा हैं। इसलिए कह रहा हूं। आप मुझे भी मूर्ख समझ रहे है तो ठीक ही समझ रहे है। हो सकता है,मैं भी मूर्ख हूं। अगर मैं मूर्ख हूं तो मेरे लिए तो गर्व की बात है। अब आप कहेंगे इसमें गर्व वाली बात कहां से आ गई,जो आप गर्व कर रहे हो। मैं गर्व इसलिए कर रहा हूं कि मूर्खता में जो सुख-चैन है। वह भला समझदारी में कहां है? मूर्ख से कोई उलझता नहीं है। उलझता है तो गुत्थी झुलझती नहीं। खैर,मेरे संदर्भ में आप जो चाहे सोचों। मैं क्या कर सकता हूं। दिलोदिमाग आपका है। सोचना भी आपको है और करना भी आपको है।
कहां आप हम में उलझ गए। मुद्दे पर आते है। आप जिसे मूर्ख समझ रहे हैं वह आपसे डेढ़ गुणा समझदार है। आप सोच रहे होंगे। वह समझदार ही नहीं है। डेढ़ गुणा समझदार कैसे होगा? यही आपकी गलतफहमी है। इस गलतफहमी के चश्मे को उतारकर,अपनी नंगी आंखों से देखिए। अपने आप आभास हो जाएंगा। चलों कुछ देर के लिए उसे मूर्ख मान लेते है और आपको ज्ञानवान। पहले तो आप यह बताए कि वह मूर्ख क्यूं है? संभवत: आपका वहीं जवाब होगा,जो मैं पहले ही बता चुका हूं कि वह हाव-भाव से मूर्ख प्रतीत होता है। आप उसके भाव-भंगिमा पर न जाकर उसकी विवेक शक्ति का अवलोकन कीजिए। वह जानबूझकर मूर्खता का अभियन करता है और नेपथ्य में रहकर,वे कृत्य कर लेता हैं,जो आप समझदार होकर भी नहीं कर पाते है। उसे शर्म नहीं आती है। जहां आप नहीं आते-जाते वहां वह चला जाता है। अपने कार्यों को अंजाम देना उसे आता है। आपसे अपना स्वार्थ नि:स्वार्थ करवाना उसकी फितरत है। चेहरे पर भोलापन और जुबान में मिठापन नैसर्गिक लगे ऐसे बोल बोलता है,जो उसका हुनर है। अजीबोगरीब वार्ता कर अपना उल्लू सीधा करना उसकी मर्खता नहीं,चालाकी है। अब तो आप मान गए होंगे। मूर्ख नहीं डेढ़ गुणा समझदार है।

11 Mar 2017

टोली के संग होली का आनंद

मोहन लाल मौर्य
मुझे तो अकेले होली खेलना कतई पसंद नहीं है। मैं घर से अकेला होली खेलने निकलता हूं तो घर से निकलते ही दबोच लेते हैं। टोली की टोली तैनात जो रहती हैं। गत वर्ष सीना तानकर होली दंगल में उतरा था। पर जो हाल हुआ था वह मैं ही जानता हूं। होली दंगल में उतरते ही ऐसी पटकनी दी कि चारों खाने चित आया। रंग-गुलाल से सराबोर होकर घर आया और आकर आईने में चेहरा देखा तो आईना भी मुझ पर हस रहा था। जो ओर दिनों खामोश रहता था। आईने से झूठ भी नहीं बोल सकता। उसे सब पता रहता है। वह वहीं बताता है जो खुद देखता है और आईना ही तो है,जो सच बोलता है। खैर,छोड़ों। होली पर्व ऐसा तो होता आया है। पर जो टोली बनाकर होली खेलने में मजा आता है वह भला अकेले में कहां आता है?

होली पर टोली अनायास ही बन जाती है। टोली बनते ही पूरी की पूरी टोली जिस गली से निकलती है तो अच्छे-अच्छों की रंग-गुलाल फीकी पड़ जाती है। बंदा सोचता रह जाता है कि किसके रंग-गुलाल लगाऊं और किसके नहीं लगाऊं। वह एक के लगाएंगा तो उस पर पूरी-पूरी टोली हमला कर देती हैं। इसलिए बचकर निकलना ही मुनासिब समझता है। पर उसका बचना नामुनासिब है। ट्रैफिक हवलदार से बचकर निकल सकते हैं। पर होली पर टोली से बचकर निकलना मुमकिन नहीं नामुमकिन है। क्योंकि उसके पीछे ग्यारह मुल्कों की पुलिस नहीं। बल्कि गली-मोहल्ले के वे लडक़े होते हैं,जो एक साथ टूटकर पड़ते हैं। ऐसा रंगते है कि वह भी टोली में शामिल हो जाता है।
जब टोली की हुड़दंग और होली की मस्ती मिल-बैठते हैं। तब पिचकारी पिचक जाती है और काला पेंट परवान चढ़ जाता है। रंग-गुलाल मुंह ताकते रह जाते हैं। सोचते है कि किसी खूबसूरत लोहे पर जाकर तो मुंह काला नहीं करता। अपुन के पर्व पर आकर अपनी टांग फंसा देता है,कमबख्त कहीं का। होली पर टोली वालों के सम्मुख कोई समझदारी दिखाता है,तो वे कीचड़ को भी रंग-गुलाल समझकर उसके चेहरे पर पोत देते हैं। इनका मानना है कि कीचड़ में कमल खिल सकता है तो कीचड़ से होली खेलने में क्या बुराई है? जो समझदारी नहीं दिखाता है और हंसी-खुशी से टोली के संग होली खेलता है,उसे रंग-गुलाल से सराबोर कर देते हैं। फिर उसका चेहरा नहीं,उसके सफेद दंत भी रंग-बिरंगे दिखते हैं।

अबकी बार मैं भी टोली के संग होली दंगल में उतरुगा। इसके लिए चाहे मुझे गठबंधन क्यों ना करना पड़े? जब राजनैतिक पार्टियां ही चुनावी दंगल में गठबंधन करके उतर सकती हैं,तो भला मैं क्यूं नहीं होली दंगल में उतर सकता? देखना मैं भी किसी ना किसी टोली से गठबंधन करके होली पर ऐसा धमाल मचाऊंगा की सब मेरे रंग में रंग जाएंगे। देखने वाले देखते रह जाएंगे और रंग-गुलाल लगाने वाले रंग-गुलाल लगाकर चले जाएंगे।

5 Mar 2017

होली की होली और भड़ास की भड़ास

होली एकमात्र ऐसा पर्व है। जिस पर भड़ास निकालने वाला होली की होली खेल लेता है और भड़ास की भड़ास निकाल लेता है। अहसास तक होने नहीं देता। उसे पता है कि इनकार करेगा नहीं। इनकार नहीं करेगा तो बुरा मानने का सवाल ही नहीं। किसी कारणवश बुरा मान भी गया तो क्या है? मनुहार करना जानता है। होली पर्व पर बुरा तो कोई मानता ही नहीं। बुरा मानते तो ‘बुरा न मानों होली है’ कोई नहीं कहता। वह मनुहार के तौर पर ‘बुरा न मानों होली है’ कहता है। फिर उसको अच्छी तरह से रंग-गुलाल से रंगकर मुस्कुराता हुआ वहां से खिसक लेता है। वहां ज्यादा देर तक ठहरना नामुनासिब है। वह उस पर गुलाल लगाकर भड़ास निकाल रहा है और उस पर कोई ओर आकर उसकी तरह ही भड़ास निकाल ले। भड़ास निकाल ले तो निकाल ही ले। वह भी तो निकाल रहा है। उसके निकालने में क्या हर्ज है। वह भी कह देगा-‘बुरा न मानों होली है’। होली पर्व पर होता भी ऐसा ही है। जिसके रंग-गुलाल लगाना चाहते हैं,उसके तो लगता नहीं,किसी ओर के लग जाता है। वह तो बच निकलता है। जिसके लगता है,वह उसके लगाता है। इसके उसके रंग लगता है,तबी तो होली खेलने में आनंद आता है। आनंद-आनंद में भड़ास तो स्वत: ही निकल जाती है। क्योंकि आनंद आने पर आनंदित हो जाता है।

भड़ास निकालने वाले का सलीका अलहदा होता है। उसकी विशेषता हस्तकौशल में परिपूर्ण होता है,उसके हाथों में अपेक्षाकृत ज्यादा रंग-गुलाल होता है। पहले आलिंगन प्रवृत्ति अपनाता है। उसके उपरांत होली खेलते-खेलते भड़ास निकाल लेता है। अपनी भड़ास पूर्ण नहीं हो। जब तक रंग-गुलाल लगाता रहता हैं। किसके रंग-गुलाल लगाना है और किससे नहीं। यह नहीं देखता,जो मिल गया वहीं सही। अलबत्ता कई बार विपरीत हो जाता है। सेर को सवा सेर मिल जाता है। जब सेर सवा सेर से मुखातिब होता है। तब भड़ास तो भाड़ में घुस जाती है और दोनों रंग-गुलाल की बौछार से सराबोर हो जाते हैं। फिर होली खेलते-खेलते हमजोली हो जाते हैं। हमजोली मिलकर टोली बनाते हैं। टोली बनाकर हल्ला-गुल्ला करते हुए घर-घर होली खेलने जाते हैं। होली पर टोली की टोली आती देखकर जो दरवाजा बंद कर लेता है। उसको रंगने के लिए अपने-अपने हथकंडे अपनाते हैं। जिसका हथकंडा लगा गया और दरवाजा खुल गया। वह दरवाजा खुलते ही रंग-गुलाल लगाता है और भड़ास निकालने वाला रंग-गुलाल की आड़ में होली खेलते-खेलते भड़ास भी निकाल लेता है।
मन की भड़ास निकालने का सुअवसर होली पर्व पर जो मिलता है। ऐसा अवसर ओर दिन कहां मिलता है? मन से भड़ास निकल जाती है और तन पर रंग-गुलाल चढ़ जाता है। मन-तन की अभिलाषा पूर्ण हो जाती है। जो प्राय: हो नहीं पाती। मन की अभिलाषा पूर्ण होती है तो तन की नहीं होती और तन की होती है तो मन की नहीं होती। जब मन-तन की अभिलाषा एक साथ पूर्ण होती है। तब उसके लिए वह दिन होली दिवाली से कम नहीं होता। जब दिन ही होली का मिल रहा है तो वह अभिलाषा पूर्ण क्यों नहीं करेगा? वह तो अवश्य करेगा। सालभर से वह इसी दिन के इंतजार में तो रहता है। कब होली आए और कब मन की मुराद पूरी करू।


होली पर जो भड़ास निकालना चाहता है। वह गतवर्ष की भरपाई करना चाहता है। गतवर्ष उसके साथ जो सलूक किया था। रंग-गुलाल की आड़ में काला तेल लगा दिया था। ऊपर से कीचड़ उड़ेल दिया था। वह भी ऐसा ही कुछ करना चाहता है। जिसने किया था वह उसके निशाने पर होता है। निशाना सही लग गया तो भड़ास निकल गई। निशाना चुक गया और कहीं ओर निशाना लग गया तो भी कोई बात नहीं। तब भड़ास रंग-गुलाल में तब्दील हो जाती है। होली पर भड़ास की रंग-गुलाल हो,चाहे प्यार-प्रेम की। रंग-गुलाल रंग-गुलाल ही होती है। उसका रंग-रूप वहीं होता है जो होता है। रंग- गुलाल लगने पर बदलते है तो चेहरे बदलते हैं। जब किसी का  चेहरा लाल,पीले,हरे,गुलाबी,रंगों से अच्‍छी तरह से लिपा-पुता हो। तब जाना-पहचाना चेहरा भी अजनबी सा लगता है। अजनबी सा इसलिए लगता है रंगों में समायोजन की भावना जो होती है। एक-दूसरे रंग में समा जाने पर हमारी तरह विरोध नहीं करते। बल्कि प्‍यार-प्रेम से समा जाते हैं।
दरअसल होली पर्व पर जो आप समझ रहे हो,उस तरह की भड़ास नहीं होती। इस भड़ास में तो मिठास होती है। जिसका स्वाद मिठा न होकर अजीब सा होता है। इसे खाना तो कोई नहीं चाहता,पर खानी पड़ जाती है। नहीं खाए तो बुरा मान जाए और होली पर बुरा मानना अच्छा नहीं है। इसलिए सब मिल-बांटकर खाते हैं और खिलाते हैं। आओं मिल-जुलकर होली खेले पर भड़ास नहीं निकाले।