25 May 2019
23 May 2019
एग्जिट पोल की नियति
चुनाव संपन्न होने के बाद सबकी निगाहें परिणाम पर उसी तरह टिकी हुई है,जिस तरह से आसमान में उड़ते गिद्ध की निगाहें अपने शिकार पर टिकी हुई होती हैं। किसका परिणाम क्या होगा? यह जानने की उत्कंठा में टीवी के सामने रिमोट लेकर बैठे लोग दूसरा चैनल इसलिए नहीं बदल पा रहे हैं,उन्हें डर है कि दूसरा चैनल बदलते ही कहीं चुनाव परिणाम नहीं बदल जाए।
चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी भी अपने परिणाम की प्रतीक्षा में उसी तरह बेचैन हैं। जिस तरह से एक विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम के आने से पूर्व बेचैन हो जाता है। जिस तरह से परिणाम के दो दिन पहले से विद्यार्थी की धड़कन अचानक सामान्य गति से तेज चलने लगती हैं। ठीक उसी तरह से प्रत्याशियों की धड़कन भी तेज होती जा रही हैं। इस चक्कर में कईयों को तो रात्रि में नींद नहीं आ रही हैं। करवटें बदल-बदलकर रात काट रहे हैं। लेकिन आज के बाद करवटें बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जो जीतेगा वह खुशी में और जो हारेगा वह गम में सो नहीं पाएगा।
एग्जिट पोल वाले नतीजे उसी तरह बता रहे हैं,जिस तरह अखबार के राशिफल में राशि बताते हैं। जिस तरह हम अपनी राशि पढ़कर,कभी खुशी से झूम उठते हैं तो कभी निराश होकर हतोत्साहित हो जाते हैं। ठीक उसी तरह की स्थिति एग्जिट पोल के नतीजों को देखकर हो रही है। सत्ता पक्ष पुलकित है और विपक्ष खामोश है। एग्जिट पोल के कारण कई प्रत्याशियों का ब्लड प्रेशर स्थिर नहीं हो पा रहा है। जिनका हाई है,उनका लो हो रहा है और जिनका लो है उनका हाई हो रहा है। दोनों ही बीपी की गोलियां गटक रहे हैं। इनके परिजन इन्हें नसीहत दे रहे हैं कि अकेले टीवी के सामने बैठकर परिणाम मत देखिएगा। कहीं परिणाम के चक्कर में प्राण नहीं निकल जाए। आपके प्राण है तो आपको और हमारे को लोगों का प्रणाम मिल रहा हैं। प्राण नहीं रहेंगे तो कोई प्रणाम भी नहीं करेगा। चुनाव का क्या है? चुनाव तो आते-जाते रहते हैं। लेकिन प्राण चले गए तो फिर कभी लौट कर नहीं आएंगे।
लेकिन आज जब ईवीएम से निकलने वाला परिणाम चौंकाने वाला आएगा। तब एग्जिट पोल वालों पर ठीकरा फोड़ने के बजाय ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते नजर आएंगे। जबकि ईवीएम का परिणाम अंतिम सत्य है। मगर पराजित इस सत्य को मानने को तैयार ही नहीं होता है। उसे लगता है कि जरूर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गई है। अन्यथा मैं तो बहुत ज्यादा वोटों से जीत रहा था।
यह तो आज ही पता चल जाएगा। नतीजे एग्जिट पोल के मुताबिक होंगे या फिर विपरीत होंगे। मगर होंगे दोनों में से किसी एक ही दृष्टि में। इनके अलावा तीसरे और चौथे दृष्टिकोण से तो होने से रहे। क्योंकि एग्जिट पोल वाले जो ढोल बजा रहे हैं। उस पर पड़ने वाली थाप या तो आज एकदम से तेज हो जाएगी या फिर एकदम से बंद हो जाएगी। यही एग्जिट पोल की नियति है। जिसकी जो नियति होती है,उसका उसी तरह से अंत होता है। --
22 May 2019
13 May 2019
नित्येन्द्र मानव के लिए मानव सेवा ही सर्वोपरि सेवा
थानागाजी
गैंगरेप प्रकरण की पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सर्व समाज की एकजुटता वाकई में
सराहनीय है। सब यही चाहते हैं कि पीड़ित को
न्याय मिले और आरोपियों को कठोर से कठोर सजा हो और कोताही बरतने
वाले उन सभी पुलिस कर्मियों व अधिकारियों पर ऐसी कार्रवाई हो कि भविष्य में फिर
कभी कोताही का ऐसा उदाहरण सामने नहीं आए।
लेकिन
इस आंदोलन में शुरुआत से लेकर अब तक एक शख्स ऐसा भी है जो कि सुर्खियां न बटोरकर
रोज सुबह अपने निवास स्थान पावटा से 50
किलोमीटर चलकर थानागाजी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आ ही नहीं
रहा है,बल्कि सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह कोई अधिकारी
नहीं और ना ही किसी राजनीतिक पार्टी का नेता है। विनम्रता के हिमालय,उदारता के सिंधु, सरलता के सागर, चुम्बकीय आकर्षण वाला व्यक्तित्व, ओजस्वी वक्ता,आमजन की पीड़ा से द्रवित हो उठने वाले एक आदर्श व्यक्तित्व के धनी व सामाजिक संगठन ‘जीवन बचाओ आंदोलन’ के मुख्य संयोजक नित्येन्द्र मानव
है। ऐसा भी कतई ही नहीं है कि मानव इसी आंदोलन में ही अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा
है। इससे पूर्व भी सामाजिक सरोकारों में अपनी महती भूमिका निभाते आए हैं।
![]() |
पिछले
18 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में पूर्णकालिक रूप से सक्रिय हैं । पर्यावरण संरक्षण,जल संरक्षण, सड़क
सुरक्षा,अनुसूचित जाति व जनजाति के संवैधानिक अधिकार,समता मूलक समाज की स्थापना, घुमन्तु समाज के लिए
स्थाई आवास सहित जनहित से जुड़े हुए अनेकोंअनेक मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहते
हैं । इनके द्वारा किए गए,जन आंदोलन,धरना-प्रदर्शन,आमरण अनशन,पर एक दृष्टि डालें तो एक ऐसी तस्वीर
दिखाई देती है जो वाकई में प्रशंसा लायक है।
पिता
बाबूलाल आर्य व माता संतरा देवी के घर में 31
जनवरी 1979 को जन्मे मानव के पुरजोर संघर्ष का
ही नतीजा है कि राज्य में चल रहे हजारों अवैध क्रेशर व खानों को बंद करवाया गया ।
कोटपुतली क्षेत्र में अवैध खनन में लिप्त लोगों पर लगभग 500 करोड़
का जुर्माना लगवाया। जुर्माना राशि जमा नहीं करवाने पर अवैध खनन में लिप्त लोगों
के खाते सीज किये गए,उनकी चल-अचल संपत्ति,जमीन,वाहन,व मकान आदि के बेचान
पर रोक लगाई गई। बहुत से लोगों की खातेदारी जमीन को सरकारी जमीन घोषित किया गया।
इस दौरान खनन माफिया से जुड़ लोगों द्वारा इनको जान से मारने की धमकिया भी दी
गई,मगर यह डर नहीं,बल्कि डटकर मुकाबला किया। राज्य सरकार ने इनकी सुरक्षा के लिए
एक गनमैन पुलिस कर्मी भी लगा रखा । ताकि इनके साथ कोई अनहोनी घटित नहीं हो ।
जिन
गांवों में दबंग लोग दलितों को घोड़ी पर बैठ कर बिंदोरी ,निकासी नहीं निकलने देते थे। ऐसे दर्जनों
गांवों में मानव के प्रयासों से दलित दुल्हों को घोड़ी पर बिठाकर बिंदोरी व निकासी
निकलवाई गई और भविष्य में घोड़ी पर बैठना संभव हो पाया। सच पूछिए तो इनके प्रयासों
से आसपास के क्षेत्र में दलितों पर होने वाले अत्याचारों पर भारी गिरावट आई है ।
हाल
ही में तरुण भारत
पर्यावरण संरक्षण अवार्ड 2019 से सम्मानित हुए,नित्येन्द्र मानव ने उन सैकड़ों घुमन्तु समाज के लोगों को नि:शुल्क रूप
से भूमि आवंटित करवाई हैं। जिनके पास रहने के लिए अपना स्थायी आशियाना नहीं था और
बहुत से लोगों को आवास हेतु अनुदान राशि स्वीकृत करवाई हैं। ताकि घुमंतू समाज के
लोग भी समाज की मुख्यधारा से जुड़ पाए। इनके द्वारा अनेकों बार नि:शुल्क चिकित्सा
शिविर लगाए गए । समाज कल्याण से सम्बंधित विकलांग विधाओं व वृद्धाओं को लेकर राजकीय एजेंसियों को साथ मिलकर अनेकों बार शिविर लगाए गए ।
नित्येन्द्र
मानव का कहना है कि जो हमें यह जो मानव जीवन मिला है । वह मानव के कल्याण में ही
काम नहीं आए तो यह मानव जीवन जीना व्यर्थ है। कभी भी कहीं पर भी किसी भी मानव पर
अगर मानवता को
शर्मसार करने वाला अत्याचार हो रहा है और आप मूकदर्शक हो कर देख रहे हैं तो सबसे
बड़े गुनहगार आप हैं। अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए व्यक्ति को हमेशा तत्पर रहना
चाहिए ।
वैसे
तो मानव अनेक पुरस्कारों से नवाजा जा चुके हैं। लेकिन अहम पुरस्कारों की बात की
जाए तो 2006 में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। 2010 में नेशनल गोडफ्रे फिलिप्स सोशियल ब्रेवरी अवार्ड मिला। 2011 में दैनिक भास्कर जल स्टार अवार्ड देकर
सम्मानित किया गया। 2018 में बी टी एस गौरव अवार्ड व 2019
में तरुण भारत पर्यावरण संरक्षण अवार्ड से नवाजे जा चुके हैं। नित्येन्द्र
मानव के द्वारा पावटा कस्बे में गत 5 वर्षों से बाबा साहब बी आर अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य पर भीम भोज का
आयोजन किया जा रहा है । इस दिन सभी समाज के लोग भोजन करते हैं,जो कि सामाजिक समरसता का बहुत बड़ा उदाहरण है। मोहनलाल मौर्य
9 May 2019
आखिर महिलाओं के साथ उत्पीडऩ कब तक?
थानागाजी
गैंगरेप की घटना निर्भया कांड से भी बड़ी है। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख
दिया है। हर कोई स्तब्ध है। घर से बाइक पर सवार होकर निकले दंपत्ति को
घर से थोड़ी दूर आगे ही दुहार चौगान मार्ग पर दो बाइकों
पर सवार पांच युवकों ने उनके आगे बाइक लगाकर पहले तो
उनके साथ मारपीट की बाद में सड़क से दूर रेत के ऊंचे
टीलों के बीच में ले जाकर दोनों के कपड़े उतार दिए। फिर
पति को बंधक बनाकर उसकी आंखों
के सामने ही पत्नी के साथ बारी-बारी से 6 बार बलात्कार करके अपनी दरिंदगी का मोबाइल से वीडियो तक बना लिया। उस समय
दंपत्ति खूब चीखें,पुकारे भी,मगर दरिंदे बहुत ही शातिर थे, उनको ऐसे ऊंचे रेत के
टीलों बीच में ले गए थे, जहां से उनकी चीख-पुकार टीलों से
बाहर निकली नहीं पाई। दरिंदों ने ढाई घंटे तक दरिंदगी की।
26 अप्रैल
की घटना का मामला 2 मई को दर्ज होता है। वो तब,जब पीड़ित 30 अप्रैल को
पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होते हैं और आपबीती बताते हैं। पुलिस
अधीक्षक के निर्देश पर थानागाजी की पुलिस गुपचुप में मामला तो दर्ज कर लेती है,लेकिन चुनाव का हवाला देकर मामले को 5 दिन तक दबाए
रखती है। यहाँ पर कई सवाल खड़े होते हैं। आखिरकार पुलिस
मामले को 5 दिन तक क्यों दबाए रखी?
तत्परता से अपेक्षित कार्रवाई क्यों नहीं की गई? इस घटना का चुनाव से क्या संबंध था? क्या किसी राजनीतिक षड्यंत्र के तहत मामले को दबाया गया था? अच्छा पुलिस तो नींद से तब जगी,जब दरिंदों ने अपनी दरिंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
जनता के आक्रोश के बाद आनन-फानन में पुलिस की 14 टीम गठित की
जाती हैं। अभी तक तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। जबकि मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
इसी क्षेत्र
में इससे पूर्व भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इस गैंगरेप के दूसरे दिन ही एक
और गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह भी थाना अधिकारी के पास 2
दिन पहले आ गया था। लेकिन इस मामले को भी दबा दिया गया। हालांकि
इसके मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यहां पर पुलिस की कार्य
प्रणाली पर प्रश्न उठते हैं और सरकार भी सवालों के घेरे में घिरती है। हालांकि
थानागाजी गैंगरेप मामले में एसपी ने थाना अधिकारी को निलंबित कर दिया और एसपी को
सरकार ने एपीओ कर दिया है। लेकिन क्या थाना अधिकारी को निलंबित और एसपी को एपीओ
करने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रभाव पड़ेगा।
इस
घटना को लेकर जनता में इतना आक्रोश है कि मुख्य आरोपी अतिशीघ्र गिरफ्तार नहीं किए
गए तो देश में जगह-जगह आंदोलन होने की पूरी आशंका है। लेकिन एक अहम सवाल
खड़ा होता है कि इस तरह गैंगरेप की घटनाएं आखिर कब तक
होती रहेगी। कब तक ऐसे वहशी दरिंदे हमारी बहन-बेटियों को नोचते रहेंगे। आखिर कठोर कानून के बावजूद भी इस तरह के अपराधियों के हौसले बुलंद क्यों हैं? क्यों आए
दिन मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म होते हैं? इन सब के पीछ आखिरकार
जिम्मेदार कौन है? आखिर महिलाओं की सुरक्षा किसके भरोसे हैं।
आज समूचे
देश में ऐसी कोई जगह नहीं बची होगी। जहां छेड़छाड़,लूटपाट,दुष्कर्म व हत्या की घटना घटित नहीं हुई हो।
विकृत प्रवृत्ति के भेडि़ए अपनी हवस पूरी करने के लिए,मासूमों
को भी नहीं छोड़ते। शायद ही ऐसा कोई दिन होगा। जिस दिन देश के किसी कोने से यौन
हिंसा की खबरें अखबारों में नहीं आई हो। अखबारों में तो वे ही
हेडलाइन होती है। जिनका मामला पुलिस में दर्ज हो जाता है या फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती हैं। महिलाओं से जुड़ी बहुत सी जघन्य घटनाएं तो सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण
उजागर ही नहीं हो पाती है। परिजन मामले को इसलिए दबा लेते हैं कि समाज में हमारी
प्रतिष्ठा पर प्रश्नवाचक नहीं लग जाए। या फिर समाज के रसूखदार कोर्ट कचहरी में जाने से पहले ही मामले को दबा देते हैं। कई बार बलात्कार जैसी वीभत्स घटनाएं अपराधियों के भय के कारण भी उजागर नहीं हो पाती है। क्योंकि अपराधी
अपराध करके इस तरह से डराते धमकाते हैं कि पीड़ित सहम जाते हैं।
सच पूछिए तो आज महिलाओं का घर से निकलना
दुश्वर हो गया है। स्वयं या घर के
कामकाज के लिए,महिलाएं घर बाहर
निकलती ही हैं पर, महिलाओं को घर से बाहर निकलते ही,यही भय रहता हैं। कहीं उनके साथ कोई विकृत अनहोनी नहीं हो जाएं। यह खौफ तब
तक बना रहता है। जब तक वे घर वापस नहीं आ जाएं। परिजन भी चिंतित रहते हैं। अपनी
बेटी,बहु सही सलामत घर पहुंच जाती हैं। तब जाकर परिजन राहत
की सांस लेते हैं। अगले दिन फिर यह प्रक्रिया रहती है। महिलाओं का अकेले बाहर
निकलना किसी खतरे से कम नहीं। वहशी इसी फिराक में रहते हैं। वे कभी भी और कहीं भी
हमला कर सकते हैं। रात सुरक्षित है नहीं। लेकिन दिन का भी कोई भरोसा नहीं।
यदि
राजस्थान में अपराधों की घटनाओं के आंकड़ो पर बात की जाए तो राष्ट्रीय अपराध
रिकॉर्ड ब्यूरो की वर्ष 2016 की रिपोर्ट के
अनुसार राजस्थान में दुष्कर्म के 3656 मामले दर्ज किए गए। इन
आंकड़ों के साथ राजस्थान का स्थान देश में चौथे नंबर पर रहा। यदि नाबालिक बच्चियों
के यौन शोषण के आंकड़ों पर प्रकाश डाला जाए तो यह आंकड़े चौंका देने वाले हैं। वर्ष 2015
से 2017 के बीच 3 वर्षों
में राजस्थान में 3897 बच्चियों के साथ रेप की वारदातें
हुईं। इन आंकड़ों के मान से प्रतिदिन तीन नाबालिक बच्चियां यौन अपराध की पीड़ा को सह
रहीं हैं। बलात्कार के उम्रवार उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक करीब चालीस प्रतिशत
बच्चियां 14 साल तक की उम्र में बलात्कार का दंश झेल रही
हैं। वहीं 1877 घटनाएं शारीरिक शोषण की भी दर्ज हुई हैं। 18
फीसदी मामलें ऐसे भी हैं जिनमें पुलिस अपराधियों को न पकड़ पाने के
कारण चालान पेश ही नहीं कर पाई,जिसके चलते वे अपराध के बाद
भी मुक्त हैं। समाज में महिलाओं के साथ अपराध होना चिंता का विषय है लेकिन अपराध
होने के पश्चात पुलिस की कार्यप्रणाली तथा सजा मिलने में देरी उससे भी बड़ी चिंता
की बात हैं। जब तक पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी नहीं आएगी अपराधियों में कानून
व्यवस्था का भय नहीं बन पाएगा, आवश्यकता तो कानूनी प्रक्रिया
में तेजी की भी हैं।
प्रत्येक चुनाव में महिला
सुरक्षा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें
की जाती है। मगर वे बातें चुनावी शोरगुल में ही घुल मिलकर रह जाती हैं। सरकार
महिला सुरक्षा की मुनादी तो खूब करती है। लेकिन जब किसी महिला पर अत्याचार होता है
तो चुप्पी साध लेती है। देश में कानून हैं। मगर कानून के रखवाले गहरी नींद में सोए
रहते हैं।
दिल्ली
के निर्भया कांड के बाद उम्मीद की किरण निकली थी। लेकिन वह भी धीरे-धीरे विलुप्त
हो गई। सरकार महिलाओं के संदर्भ में कानून बनाती रहती हैं। लेकिन जिस कानून की
महती आवश्कता है। शायद वह आज तक बना ही नहीं। अगर देश में सख्त कानूनी प्रक्रिया
होती तो निर्भया कांड ही नहीं होता। अपराधियों का दुस्साहस प्रतिदिन बढ़ता जा रहा।
इस दुस्साहस की प्रवृत्ति को रोकना ही होगा। आखिरकार महिलाएं ही अत्याचार की शिकार
क्यों होती हैं? जिस पुरूष प्रधान की
जन्म जननी नारी है,वहीं पुरूष नारी के साथ उत्पीडऩ क्यों
करता है?
महिला
सशक्तिकरण की पहल तब सार्थक होगी। जब देश में महिलाओं पर किसी भी तरह का उत्पीडऩ
नहीं होगा। नारी के पिछे चलने वाला अपराध बोध। पीछा करना छोड़ देगा। तब सही मायने
में महिला सशक्तिकरण चरितार्थ होगी। दकियानूसी जंजीरों से तो महिलाएं स्वतंत्र हो
गई। मगर पुरूषों की संशय दृष्टि से स्वतंत्र नहीं हुई। समाज के कई ठेकेदार महिलाओं के पहनावे पर किचड़
उछालते हैं। पहनावे को जिम्मेदार ठहराना कतई उचित नहीं है। प्राचीन काल में तो
कपड़े ही नहीं थे। पेड़ पत्तों की छाल बांधकर अपने शरीर की हिफाजत करती थी। तब
महिलाएं सुरक्षित थी। आज सुरक्षित क्यों नहीं? यह बुनियादी
सवाल आज भी कायम है। इस तकनीकी युग में ही नारी सुरक्षित नहीं,फिर कब होंगी?अब वक्त आ गया है नारी की सुरक्षा करने
का। नारी भावनात्मक पहलुओं की कोमल अभिव्यक्ति है, जिसमें
उसका स्वतंत्र भाव समर्पित रूप से समाया हुआ है।
-
मोहनलाल
मौर्य
7 May 2019
बड़बोले बयान और पंचवर्षीय भड़ास
देखिए,जिस तरह से थर्मामीटर में पारा चढ़ता है तो पसीना छूटना स्वाभाविक है, उसी तरह से चुनावी मौसम में नेताओं की जुबान का फिसलना भी नैसर्गिक हैं। यही तो उनका सीजन
है,जिसमें उनके बड़बोले बोल बिना भाव-ताव किए ही थोक के भाव
में आसानी से बिक जाते हैं। यह तो समय होता है अपनी पंचवर्षीय भड़ास निकालने का और
विरोधी पर कीचड़ उछालने का। अगर ऐसे सुनहरे अवसर में
भी बेतुके बयान नहीं दिया तो नेता अपने नेता होने पर धिक्कार है,समझता है।
बेतुके बयान देने वाले नेताओं का मानना है कि विवादित बयान देने से ही तो पहचान बनती है। पहचान बनती है,तब लोकप्रियता तो अपने आप ही अर्जित हो जाती हैं। लोकप्रिय होने के पश्चात
वोटर नेताजी के चंगुल में फंसे बिना रह जाए,ऐसा संभवतःसंभव नहीं। यह कोई जरूरी नहीं है कि
अच्छा भाषण ही चुनावी वैतरणी पार करवा सकता है। कई बार विवादित बयान भी सत्ता की
कमान दिलवा देता है।
विवादित बयान इतिहास के पन्नों को पलटकर देखेंगे तो अतीत में ऐसे बहुत से नेताओं का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा
हुआ मिल जाएगा। जिन्होंने चुनावी दौर में बेतुके बयानों की बाढ़ ला दी थी और उसके
बावजूद भी भारी बहुमत से जीते हैं। आज के नेता अपने पूर्वजों के पदचिह्नों पर न चलकर,आधुनिक
राजनीति के पन्नों पर एक ऐसा इतिहास लिखने में लगे हुए
हैं,जो कि भारत के लोकतंत्र में अब से पहले कभी नहीं लिखा गया हो। जिसके लिए,ऐसे-ऐसे ऊटपटांग शब्द ईजाद कर रहे हैं कि
भविष्य में अपने देश के ही नहीं,बल्कि अन्य लोकतांत्रिक
देशों के जनप्रतिनिधि भी चुनावी समय में अपना राजनीतिक कैरियर संवारने के लिए इन ऊटपटांग शब्दों का उपयोग करते नजर आएंगे।
जब वे ऐसे शब्दों का प्रयोग करेंगे,तो निश्चित
तौर पर राजनीति के मायने बदल जाएंगे। आरोप-प्रत्यारोप की जगह ऊटपटांग शब्दों के जरिए एक-दूसरे पर छींटाकशी करेंगे। मुद्दों पर वार्ता नहीं करेंगे,बल्कि मुद्दे पर मुद्दईगिरी
करते फिरेंगे। असली मुद्दे को छोड़कर बेमतलब के मुद्दों
पर डिबेट करते नजर आएंगे। मुर्दे मुद्दे को भी जिंदा कर देंगे और जिंदे को मुर्दा
कर देंगे।
हो सकता है कि भविष्य में राजनीति विषय के शोधार्थियों के लिए शोध
का विषय बेतुके बयानों की बयानबाजी दिलचस्प रहे। जो शोधार्थी इस विषय पर शोध करेगा,संभवतः उसे ज्यादा
परिश्रम नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि उसे अपने आजू-बाजू में ही विषय से संबंधित
पर्याप्त सामग्री मिल जाएगी। यथार्थ ऐसे नेता मिल
जाएंगे,जो जाने ही विवादित बयानों की वजह से जाते हैं। इस विषय पर गूगल की शरण में जाकर
उससे पूछेंगे,तो वह भी ऐसे-ऐसे बयानवीरों की जीवनी बता देगा,जिनके सियासी तरकश से
बेतुके बयानों के बान ही निकलते हैं।
5 May 2019
नेताजी के पोस्टर का पोस्टमार्टम
एक दीवार पर एक
नेताजी का बड़ा-सा पोस्टर चिपका हुआ था। जिस पर लिखा था-युवा दिलों की धड़कन, योग्य, कर्मठ, शिक्षित, जुझारू, जागरूक, ईमानदार, सं घर्षशील,मिलनसार, लोकप्रिय
व प्रमुख समाजसेवी भाई नेतराम को अपना अमूल्य वोट देकर भारी मतों से विजय बनाए। एकाएक एक बकरी आई और युवा दिलों की धड़कन लिखे
हुए भाग को फाड़कर चबाने लगी। यह देख एक कार्यकर्ता
उसके पीछे डंडा लेकर भागा।
घूम-फिरकर थोड़ी देर बाद
बकरी फिर से चली आई और पोस्टर को चबाने लगी। योग्य,कर्मठ,शिक्षित
को तो चट कर गई। थोड़ी देर बाद जुझारू,जागरूक,ईमानदार पोस्टर के नीचे बह रही नाली में जा
गिरा, जिस पर दो कीड़ों बीच में युद्ध छिड़ गया। एक ने जुझारू तो दूसरे ने जागरूक
को हथिया लिया। पर ईमानदारी दोनों के ही हाथ नहीं लगी।
उधर बकरी अपनी भूख
मिटाने के लिए संघर्ष करती हुई पोस्टर के संघर्षशील तक पहुँची ही थी कि पीछे से
दूसरी बकरी ने आकर धकेल दिया। बाद में दोनों बकरी मिलनसार को तो मिलकर खा गई,लेकिन
लोकप्रिय पर लड़ने लगी। लोकप्रिय की हालत ऐसी हो गई कि न तो पोस्टर
का रहा और नहीं मुँह का निवाला बना। प्रमुख समाजसेवी की
टाँग पकड़कर लटकता रह गया और प्रमुख समाजसेवी लोकप्रिय की वजह से फड़फड़ा रहा है,
जो कि कभी भी नीचे गिर सकता है।
पोस्टर फाड़ने के
पीछे बकरी का कोई उद्देश्य नहीं है। बस भूख मिटाने के लिए,पोस्टर पर
आक्रमण किया था। वैसे भी पोस्टर सार्वजनिक दीवार पर चिपका था,जिसे फाड़कर बकरी ने आचार संहिता का पालना किया था।
29 Apr 2019
कालजयी रचना की व्यथा
सोचते-सोचते दिमाग
खराब हो रहा था मगर उस विषय का आइडिया ही नहीं आया जिस पर अब से पहले किसी ने भी व्यंग्य नहीं लिखा है। अगर इस
तरह का कालजयी विषय दिमाग में आ जाए,तो आने के पश्चात उसे किसी भी हालात में जाने न दूं। जाने के लिए आग्रह
करें या बहाने बनाए,तब भी नहीं जाने दूं। बिना समय गवाए ही उस पर व्यंग्य लिख डालूंगा।
उस समय कहीं भी
रहूँ,वहीं पर लिखने बैठ जाऊंगा। चाहे सफर में रहूँ या हमसफर के साथ रहूँ। जाम
में फंसा हुआ भी जाम खुलने से पहले स्मार्टफोन पर एकाध पैराग्राफ तो लिख ही डालूंगा क्योंकि आजकल तो लेखक परंपरागत कागज,कलम,दवात छोड़कर,मोबाइल के जरिए ही रचना कर्म और रचना धर्म निभा
रहे हैं। कालजयी रचना की
व्यथा
यह सच है कि मेरे
दिमाग में आया विचार ज्यादा देर नहीं टिकता है। इसलिए मैं विचार को आते
ही पकड़ लेता हूँ और पकड़कर ई-मेल के ड्राफ्ट बॉक्स में बंद कर देता हूँ।
तत्पश्चात जब मन करता है, तभी ड्राफ्ट बॉक्स को खोलकर
उस पर लिखने लग जाता हूँ। मुकम्मल होते ही संपादक महोदय
के हवाले कर देता हूँ। उसके बाद यह उन पर निर्भर करता है कि वे उसके साथ क्या सलूक
करते हैं। प्रकाशित करके उन्मुक्त करते हैं या ई-मेल के
इनबॉक्स में ही पड़े रहने देते हैं या फिर डिलीट करके उसकी जीवन लीला ही समाप्त कर देते हैं। अगर उसे प्रकाशित का
सौभाग्य प्राप्त हो जाता है तो फेसबुक पर उसकी कटिंग चिपकाकर मैं भी लाइक व कमेंट
बटोर लेता हूँ।
कालजयी विषय के
विचार को दिमाग में लाने के लिए, मैंने अपने दिमाग की खिड़कियां ही नहीं,बल्कि मेन गेट भी खोल रखा है। विचार का कोई अता पता नहीं,कब व कहां से आ जाए और आकर कहां चला जाएं। मस्तिष्क के चारों ओर पहरेदार भी खड़े कर रखे हैं ताकि विचार आते ही धर दबोच लें। नींद में भी आ
गया तो छोड़ने वाला नहीं हूँ। तुरंत जागकर पकड़ लूंगा और उस पर लिखने लग जाऊंगा।
सच बता रहा हूँ,एक बार
विचार दिमाग में घुस गया न तो उसे पकड़कर ऐसा व्यंग्य लिखूंगा, जिसे पढ़कर हर कोई
आश्चर्यचकित रह जाएगा। व्यंग्य लिखने की जितनी भी शैली है न, सब की सब उसमें समाहित कर दूंगा। व्यंग्य को व्यंग्यमय बनाने के लिए अभिधा,लक्षणा,व्यंजना शब्द शक्ति का प्रहार करने से भी नहीं
डरूगा। जहाँ पर यह लगेगा कि यहाँ पंच मारना है,वहीं पर पंच
का एनकाउंटर कर दूंगा।
जब उस रचना को
संपादक महोदय के पास ई-मेल करूंगा न तो जो संपादक रिप्लाई की घास तक नहीं
डालता है,वह भी आपके द्वारा
प्रेषित की गई रचना को हम सम्मिलित कर रहे हैं,कृपया इसे
अन्यत्र नहीं भेजें,लिखकर रिप्लाई का चारा-पानी तक डालेगा। छपने
के बाद जब फेसबुक पर लगाऊंगा न,तब शानदार,मजेदार,धारदार,बेहतरीन,लाजवाब,बेमिसाल,
उम्दा,बहुत खूब,वाह,जैसे कमैंट्स नहीं आने लगे तो कहना।
दिमाग की नसें
फटने को तैयार हैं,मगर कमबख्त विचार नहीं आ रहा है। जबकि
समसामयिक विषयों के विचार दिमाग का दरवाजा खटखटा रहे हैं। दिमाग के अंदर घुसने के लिए,एक-दूसरे के कोहनी मार रहे हैं। पर समसामयिक विषयों पर लिखकर करू भी क्या? उनकी उम्र सप्ताह भर से ज्यादा नहीं
होती। इस समय में किसी भी अखबार में जगह नहीं मिली तो उसकी जिंदगी वैसे नरक बन जाती है। मुझे तो सौ साल से भी ऊपर की उम्र का विषय चाहिए जिसके
जरिए मेरी पहचान बन सके। आने वाली पीढ़ी सदियों तक याद रखें।
बहरहाल सोच-सोचकर
थक चुका हूँ और इसी तरह सोचता रहा
तो आज नहीं तो कल,कल नहीं तो
परसों,परसों नहीं तो वर्ष दो वर्ष बाद जिस विषय पर अब से पहले कालजयी
व्यंग्य नहीं लिखा है,उस विषय का आईडिया दिमाग में आ ही
जाएगा। तब तक के लिए इन सामयिक विषयों से ही काम
चला लेता हूँ। यह भी फेसबुक पर बधाई के कमेंट तो दिलवाए देते हैं। इनके जरिए भी
थोड़ी-बहुत पहचान तो बन ही जाती है। नाम के साथ व्यंग्यकार तो लग ही जाता है। वैसे भी अधिकतर अखबारों के व्यंग्य कॉलम समसामयिक विषय पर ही होते हैं।
25 Apr 2019
मतदाता की समझ
देखिए,चुनावी महासंग्राम चल रहा है। चुनाव लड़ने वाले योद्धा मैदान-ए-जंग में
ताल ठोक रखे हैं। जिससे राजनीतिक दांव-पेच नहीं लग पा रहा है,वह बेतुके बयानों के जरिए चुनाव जीतना चाहता है। मगर सामने वाला भी कमजोर नहीं
है वह भी सियासी तरकश से बेतुके बयानों के बाण प्रक्षेपित करके उसे पटकनी देने में लगा है।
बेतुके बयानों से राजनीतिक गलियारों में रौनक छा गई है। टीवी वालों को डिबेट के लिए मुद्दा मिल गया है। आरोप-प्रत्यारोपण के बीज
प्रस्फुटित होकर पौधे का आकार लेने के लिए तीव्र गति से बढ़ने लगे है। लगता है आम
चुनाव के अंतिम चरण से पहले वटवृक्ष का रूप धारण अवश्य
कर लेंगे।
एक-दूसरे पर बेतुके बयानों
का प्रहार देखकर,इनका नतीजा तय करने
वाला वोटर अभी चुप्पी साधे हैं। वह लाइव देख रहा है कि मतदान दिवस तक बेतुके
बयानों से कौन घायल होता है और कौन बचकर निकलता है। और जनता किसके पक्ष में उतरती
है। उसके बाद में ही वह अपना अमूल्य वोट ईवीएम को
समर्पित करेगा। क्योंकि वह अपने वोट की ताकत भली-भांति
जानता है। उसे पता है कि लोकतंत्र में आम आदमी के पास एक वोट देने का ही तो
अधिकार है। जिसका उपयोग भी किसी ऐरे-गैरे,नत्थू-खैरे के पक्ष में कर दिया,तो वोट गड्ढे में
चला जाएगा। यह कोई भी नहीं चाहता है कि मेरा वोट गड्ढे
में जाए, बल्कि सबकी यही इच्छा होती है कि मेरे वोट से ऐसी सरकार बने की अपने संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ देश के भी तस्वीर बदल जाए।
लेकिन बेतुके बयान देने वाला नेताजी ईवीएम का बटन
दबाने से पहले वोटर पर अपनी जादुई छड़ी के जरिए,कुछ इस तरह
का जादू टोना करता है कि वोटर का वोट अपने आप ही खींचा चला आता है। परंतु उसकी जादुई छड़ी पर निर्वाचन आयोग की निगरानी रहती है। इसलिए उसका
जादू चल नहीं पाता है। पर कई बार आचार संहिता का
उल्लंघन करके जादुई छड़ी का जादू चल भी जाता है और अपेक्षा से ज्यादा वोट ले भी लेता है। जिसे हम आश्चर्यजनक परिणाम कहते हैं संभवतः वह किसी ना
किसी जादूई छड़ी का ही परिणाम होता है।
ज्ञानी जनों का कहना है कि जिनके पास मुद्दे नहीं होते,वह बेतुके बयान देकर सुर्खियां बटोरते हैं और वोटर को असमंजस में डाल देते हैं। ताकि मतदान से पहले कोई और उसे बरगलाने नहीं
सके। क्योंकि कई बार मतदाता बहकावे में आकर भी मतदान कर देता है। लेकिन आज का
मतदाता पहले वाला नहीं है। बहुत समझदार हैं। नेताओं की हर चाल को समझता है। जीतने के बाद कौन अपेक्षाओं
पर खरा उतरेगा और कौन नहीं? यह जांच परख कर ही ईवीएम का
बटन दबाता है।
23 Apr 2019
हाशिए पर अटकी लटकी कर्मठता
वह
कर्मठ कार्यकर्ता है। इसका प्रमाण पार्टी का हर वह बड़ा नेता है,जो उसे भले ही नाम से
नहीं जानता हो,लेकिन शक्ल से अच्छी तरह से पहचानता हैं। जब
भी कोई बड़ा नेता उसकी पीठ थपथपाता है,तो उसका सीना इतना चौड़ा हो जाता है कि नापे तो इंची टेप कम पड़ जाए।
थपथपाने से पीठ भी इत्ती मजबूत
हो गई है कि चुनाव का सारा भार उठा लेती है। दरी-पट्टी बिछाने में और कुर्सियां
उठाने में तो जरा सी भी नहीं दुखती है। बल्कि मांसपेशियों को मजबूती प्रदान होती
है।
धरना-प्रदर्शन के नेतृत्व कर्ता के नेतृत्व में पीठ ने
पुलिस की लाठियां भी खूब खाई है। पर कभी भी पीठ नहीं दिखाई। भले ही खुद
लहूलुहान हो जाए,मगर अपने लीडर के खरोंच तक नहीं आने देता
है। पार्टी के प्रति यह उसकी सच्ची निष्ठा है। जिसको निभाए रखना अपना परम कर्तव्य
समझता है। अपनी कार्यशैली पर कभी प्रश्नवाचक नहीं लग जाए, इसलिए पार्टी के हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेता है। चुनावी समय में
तो दिन-रात पार्टी के प्रचार-प्रसार में जुटा रहता है। उसकी यह उपस्थिति भी इस बात
की गवाह है कि वह पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता है।
वह
पार्टी के प्रति कितना समर्पित है। यह
बताने की आवश्यकता नहीं है। उसके गले में लटका पार्टी के रंग में रंगा पट्टा और हाथ में उठाए हुए पार्टी के झंडे को देखकर ही पता लग जाता है। जब
वह पार्टी के नाम के जिंदाबाद के नारेे लगाता है तो उसे देखकर बाकी कार्यकर्ताओं
में अपने आप ही जोश आ जाता है। उसे कार्यकर्ताओं में जोश भरने का अग्रदूत कहा जाए
तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
वह
पुतले तो इस तरह से फूँकता हैं कि देखने
वाले की फूँक निकल जाती है।
उस समय कोई उसकी और आगे बढ़ता है तो फूँक-फूँक कर कदम
रखता हैं। पता नहीं क्या कर डाले। आक्रोशित हो जाए।
आक्रोश आक्रोश में जलते पुतले में पेट्रोल डालकर उसे और
दहका दे। पार्टी को जब भी किसी का पुतला फूँकना होता है तो उसी से सींक लगवाते
हैं। क्योंकि वह भली-भांति जानता है कि कब और किसके सामने पुतला फूँकना है। जब तक पुलिस और प्रेस
वाले नहीं आ जाएं,तब तक तीली भी नहीं जलाता है।
पार्टी
में उसके योगदान पर एक नजर डालें,तो
उन माननीयों की खादी पर उसके योगदान की चमक अवश्य दिख
जाएगी। जिनकी खादी पर पहलेे
दाग लगे हुए थे और अब दाग का नामोनिशान नहीं है। और उनकी
कुर्सी पर योगदान का बलिदान दिख जाएगा। जो जमीन से आसमान पर पहुँच गए हैं। जब भी चुनावी समय आता है तो इन सबको जिताने के लिए एड़ी से चोटी तक
का जोर लगा देता है। खादी पर लगे हुए दागों को राजनीतिक साजिश बताकर ऐसी धुलाई कर
देता है कि वोटर को कहीं पर दाग नजर ही नहीं आता है।
लेकिन
जब उसने टिकट मांगा तो पार्टी ने उसे हाशिए पर धकेल दिया। उसकी जगह उसे टिकट दे
दिया,जो विरोधी पार्टी से
आकर शाम को ही पार्टी में सम्मिलित हुआ था। जिसे नहीं तो पार्टी की रीति-नीति पता है और नहीं
पार्टी का इतिहास जानता है। मगर इससे कार्यकर्ता के ज्ञान चक्षु खुल गए। उसे ज्ञान
हो गया। पार्टी में कार्यकर्ता,कार्यकर्ता ही रहता है। उसका
कभी प्रमोशन नहीं होता है।
14 Apr 2019
जिंदगी वाया सोशल मीडिया
आजकल किसी की भी आवाजाही का पता लगाना मुश्किल नहीं है। कब जा रहा है,कहाँ जा रहा है,कब वापस आ रहा है। आदि-इत्यादि पूछने की भी जरूरत नहीं है। बस सोशल मीडिया पर अपडेट रहिए। अपने आप ही मालूम पड़ जाएगा। कहाँ जा रहे हैं और कहाँ से आ रहे हैं। अब दीवार पर टंगे कैलेंडर को निहारने के दिन गए। उसकी जगह डिजिटल कैलेंडर ने ले ली है। जो कि हर किसी के मोबाइल में लटका रहता है। बगैर पन्ना पलटे ही तिथि वार,तीज त्यौहार,जयंती व पुण्यतिथि पलक झपकते ही बता देता है।
जो सोशल मीडिया पर अपडेट रहता है। वह घर से कहीं बाहर जाता है,तब भले ही परिजनों को नहीं कहकर जाता हो,लेकिन फेसबुक पर बताकर ही निकलता है। पहुँचते ही जहाँ पर गया है,वहाँ की सेल्फी पोस्ट करके बता देता है कि अमुक जगह हूँ। अकेला गया है या साथ में गया है,यह तो सेल्फी से मालूम लग जाता है।
आप किसी भी शुभ अवसर या पर्व पर देख लीजिए, जितनी बधाई फेसबुक पर दी जाती हैं,उतनी फेस टू फेस कहाँ दी जाती है। सब जानते हैं कि फेस टू फेस तो एक ही व्यक्ति को दे सकते हैं। फेसबुक पर एक ही पोस्ट से हजारों को शुभकामनाएँ दे दी जाती हैं और कमेंट के जरिए खुद को भी ढेर सारी शुभकामनाएँ मिल जाती हैं।किसी को अलग से भी प्रेषित नहीं करनी पड़ती है। एक ही पोस्ट से सबको निपटा दिया जाता है। यही सोचकर लोग फेस टू फेस के बजाय फेसबुक पर बधाई देना ज्यादा महत्वपूर्ण मानते हैं।
भले ही आपको अपना बर्थडे याद नहीं रहे। लेकिन आप फेसबुक पर हैं तो आपके फेसबुक मित्रों को अवश्य याद रहता हैं। चाहे परिजन,यार-दोस्त व रिश्तेदार विश नहीं करें,किंतु एफबी फ्रेंड विश्व के किसी भी कोने में हो, बर्थडे पर मुबारकबाद देना कभी नहीं भूलते हैं। खास फ्रेंड तो डिजिटल गिफ्ट तक भेंट करते हैं। मसलन, स्टीकर व इमोजी। मेरा जैसा तो सोशल मीडिया पर ही डिजिटल केक काटकर अपने जन्मदिन को यादगार बना लेता हैं।
विवाह के उपलक्ष्य पर होने वाली वधू की मुँह दिखाई की रस्म-अदायगी देख लीजिए,दुल्हन ससुराल में नहीं पहुँचती उससे पहले तो सोशल मीडिया पर बगैर नेग दिए ही पूरी दुनिया उसका मुँह देख लेती हैं। आज की दुल्हन के लिए भी नेग से ज्यादा इंपोर्टेंट लाइक व कमेंट हो गया है। नेग मिले या नहीं मिले, इसकी परवाह नहीं है, बस लाइक व कमेंट मिलने चाहिए, इसकी चिंता जरूर रहती है। दूल्हा-दुल्हन फेरे बाद में लेते हैं,पहले लाइव आते हैं। आप शादी में नहीं जा सके,तो पश्चाताप करने की कोई जरूरत नहीं है। वैवाहिक लाइव देख लीजिए। शादी से ज्यादा मजा आ जाएगा। आजकल तो प्रथम पूज्य गणपति जी की जगह भी सोशल मीडिया ने ले ली है। आप खुद ही देख लीजिए, हम शादी का निमंत्रण पत्र गणपति जी से पहले किसी ना किसी को तो व्हाट्सएप पर भेज ही देते हैं।
अब किसी से जन्म मरण की भी जानकारी लेने की जरूरत नहीं है। नवजात शिशु को स्तनपान बाद में कराते हैं पहले उसको सोशल मीडिया के दर्शन कराते हैं। वहाँ से पूरी दुनिया को पता पड़ जाता है कि फलाना सिंह बाप बन गया है। लोग सही कहते हैं कि आजकल के बच्चे पैदा होते ही हाथ में मोबाइल थमा लेते हैं। जो बच्चा पैदा होते सोशल मीडिया पर आ गया। वह होश संभालते ही मोबाइल तो मांगेगा ही। इसी तरह मृतक व्यक्ति परलोक गमन नहीं करता है,उससे पहले तो उसका आगमन सोशल मीडिया पर हो जाता है। यहाँ पर श्रद्धांजलि सभा से पहले तो इतनी श्रद्धांजलि दे दी जाती हैं,मृतक की आत्मा तृप्त हो जाती है। अच्छा परिजन चाहे जीवित के जीवनभर ठोकर मारते रहे हो, लेकिन मृत्यु के उपरांत सोशल मीडिया पर इतनी श्रद्धा से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिसे देखकर यह कतई नहीं लगता है कि मृतक के प्रति लगाव नहीं था,बल्कि ऐसा लगता है कि बहुत ख्याल रखते थे।
देश-दुनिया में क्या घटित हो रहा है और कौन सुर्खियां बटोर रहा है। यह जानने के लिए अखबार के पन्ने पलटने की या टीवी ऑन करने की जरूरत नहीं है। बस सोशल मीडिया पर अपडेट रहिए, आपको अपने आप ही पल-पल की खबरें मिलती रहेंगी। क्योंकि खबरिया चैनलों की ब्रेकिंग न्यूज़ से पहले तो पूरी स्टोरी सोशल मीडिया पर छा जाती है।
लेखकों को ही देख लीजिए,परम्परागत कागज,कलम,दवात को छोड़कर,सोशल मीडिया पर मोबाइल की-बोर्ड के जरिए रचना कर्म और रचना धर्म निभा रहे हैं। वहां चुटकुलेबाजों और अफवाहबाजों से उनकी स्पर्द्धा जारी है। कल तक जो श्रोता और पाठक ढूंढते थे,आज सुबह-शाम फॉरवर्ड हो रहे हैं। हिसाब लगाया जा रहा है कि एक आह के असर होने तक कितने फॉरवर्ड की जरूरत होती है। अपनी फेसबुक वॉल पर पुष्प जैसे शब्दों की चादर बिछाकर,शब्दों के फूलों पर नहीं मंडराने वाले भंवरे एवं भंवरियों को भी टैग करके लाइक व कमेंट बटोर रहे हैं।
आजकल तो प्यार-प्रेम व रिश्ते-नाते सोशल मीडिया के जरिए ही होने लग गए हैं। ब्याह शादी कराने वाला बिचौलिया नामक प्राणी धीरे-धीरे लुप्त होता जा रहा है।छोरा-छोरी चैट करते-करते ही आपस में सेट हो जाते हैं। सेट होने के बाद तो वैवाहिक टेंट लगकर ही रहता हैं।अब सोशल मीडिया इतना ताकतवर बन गया है कि एक ही रात में जीरो को हीरो और हीरो को जीरो बना देता हैं। मेरा तो मानना है कि जिंदगी में कुछ करना है और आगे बढ़ना है तो सोशल मीडिया पर अपडेट रहिए।
Subscribe to:
Posts (Atom)




















